
नयी दिल्ली. सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की दूसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने बुधवार को यहां तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में जीत के साथ इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल के दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन अनुभवी अश्विनी पोनप्पा और युवा तनीषा क्रास्टो को महिला युगल में शिकस्त झेलनी पड़ी.
एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन सात्विक और चिराग की जोड़ी को पहले दौर में फैंग चीह ली और फैंग जेन ली की चीनी ताइपे की दुनिया की 24वें नंबर की जोड़ी को एक घंटे और 18 मिनट में 21-15, 19-21, 21-16 से हराने में काफी पसीना बहाना पड़ा.
दूसरे दौर में भारतीय जोड़ी की भिड़ंत बेन लेन और सीन वैंडी की इंग्लैंड की जोड़ी तथा ल्यू चियांग याओ और यैंग पो हैन की चीनी ताइपे की जोड़ी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगी.
अश्विनी और तनीषा की दुनिया की 20वें नंबर की जोड़ी को जोंगकोलफान किटिथराकुल और राविंडा प्राजोंजाई की थाईलैंड की दुनिया की 10वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ 5-21, 21-18, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा. सात्विक और चिराग ने मुकाबले की तेज शुरुआत की और चीनी ताइपे की जोड़ी पर हावी होने का प्रयास किया. भारतीय जोड़ी को इसका फायदा मिला और उसने 8-4 की बढ़त बनाई. ब्रेक तक भारतीय जोड़ी 11-8 से आगे थी.
चीनी ताइपे की जोड़ी ने लगातार वापसी की कोशिश की लेकिन सात्विक और चिराग ने अपने दमदार स्मैश से चीह और जेन पर बढ़त बरकरार रखी. 19-15 पर सात्विक की शानदार र्सिवस से भारत को पांच गेम प्वाइंट मिले और फिर चीनी ताइपे की जोड़ी ने लंबा शॉट मारकर पहला गेम भारतीय जोड़ी की झोली में डाल दिया.
चीह और जेन ने दूसरे गेम में बेहतर शुरुआत करते हुए 3-0 की बढ़त बनाई. भारतीय जोड़ी ने इसके बाद कई सहज गलतियां की और सात्विक के नेट पर शॉट मारने से ब्रेक तक विरोधी जोड़ी 11-5 से आगे हो गई. सात्विक और चिराग ने ब्रेक के बाद जोरदार वापसी की और अगले नौ में से आठ अंक जीतकर 13-12 की बढ़त बनाई और फिर लगातार चार अंक के साथ स्कोर 18-19 कर दिया.
भारतीय जोड़ी ने नेट पर शॉट मारकर चीनी ताइपे की जोड़ी को दो ब्रेक प्वाइंट दिए. चिराग ने हाफ स्मैश के साथ एक अंक जुटाया लेकिन फिर नेट पर शॉट खेल दिया जिससे स्कोर 1-1 हो गया. तीसरे गेम में भी चीनी ताइपे की जोड़ी ने बेहतर शुरुआत की और 4-1 की बढ़त बनाई लेकिन सात्विक और चिराग ने लगातार नौ अंक के साथ स्कोर 10-4 कर दिया जिससे बाद भारतीय जोड़ी को गेम और मैच जीतने में अधिक परेशानी नहीं हुई.
इससे पहले अश्विनी और तनीषा की जोड़ी शुरुआत में बिलकुल भी लय में नजर नहीं आई. दोनों ने कई शॉट बाहर मारे और नेट पर उलझाए. उनके पास थाईलैंड की जोड़ी के तेजतर्रार खेल का कोई जवाब नहीं था. मैच आगे बढ़ने के साथ भारतीय जोड़ी लय हासिल करने में सफल रही लेकिन लगातार गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा.
अश्विनी और तनीषा की शुरुआत बेहद खराब रही. दोनों ने शुरुआत में दिशाहीन शॉट मारे जिससे जोंगकोलफान और राविंडा की जोड़ी ने जल्द ही 8-0 की बड़ी बढ़त बना ली. थाईलैंड की खिलाड़ी ने बाहर शॉट मारकर भारतीय जोड़ी के अंकों का खाता खोला लेकिन ब्रेक तक जोंगकोलफान और राविंडा 11-4 की बढ़त बनाने में सफल रहे.
भारतीय जोड़ी ने ब्रेक के बाद भी गलतियों का सिलसिला जारी रखा जिससे जोंगकोलफान और राविंडा ने 15-5 के स्कोर पर लगातार छह अंक के साथ सिर्फ 16 मिनट में पहला गेम जीत लिया. दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने बेहतर शुरुआत की और स्मैश से कुछ अच्छे अंक जुटाए. अश्विनी और तनीषा हालांकि गलतियों पर लगाम कसने में नाकाम रहे जिसका उन्हें नुकसान उठाना पड़ा. भारतीय जोड़ी हालांकि इसके बावजूद ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बनाने में सफल रही.
थाईलैंड की जोड़ी वापसी करते हुए 13-13 और फिर 15-15 के स्कोर पर बराबरी हासिल करने में सफल रही. भारतीय जोड़ी ने 18-16 की बढ़त हासिल की और फिर 20-17 के स्कोर पर तीन गेम प्वाइंट हासिल किए. जोंगकोलफान और राविंडा ने एक गेम प्वाइंट बचाया लेकिन फिर शॉट बाहर मार बैठी जिससे भारतीय जोड़ी ने गेम जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया.
तीसरे गेम में थाईलैंड की जोड़ी फिर हावी रही और उसने लगातार सात अंक के साथ 7-1 की बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-2 से आगे थी. थाईलैंड की जोड़ी को इसके बाद गेम और मैच जीतने में अधिक परेशानी नहीं हुई. महिला युगल में अश्विनी भट के और शिखा गौतम की भारतीय जोड़ी को किम सो यिओंग और कोंग ही योंग की कोरिया की तीसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 12-21, 3-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी. इसके साथ ही महिला युगल में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई. कृष्ण प्रसाद गारगा और साई प्रतीक के की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी को भी केन्या मित्सुहासी और हिरोकी ओकामुरा की जापान की जोड़ी ने सीधे गेम में 21-14, 21-11 से हराया.



