भारत, कतर पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 28 अरब डॉलर तक पहुंचाएंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Feb 2025 07:53 PM
भारत, कतर पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 28 अरब डॉलर तक पहुंचाएंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत और कतर ने मंगलवार को अगले पांच साल में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 28 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई. दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा की. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद अल-सानी के साथ वार्ता की.

दोनों पक्षों ने दो समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए – एक रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने पर और दूसरा संशोधित दोहरे कराधान बचाव समझौते पर. इसके अलावा आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने, अभिलेखागार प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने और युवा मामलों तथा खेलों में सहयोग के लिए पांच समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर भी किए गए.

विदेश मंत्रालय के सचिव अरुण कुमार चटर्जी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”रणनीतिक साझेदारी समझौता द्विपक्षीय संबंधों की वर्तमान स्थिति को रणनीतिक स्तर तक बढ़ाएगा. हम व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा के साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग बढ़ाना चाहते हैं.” उन्होंने कहा कि मोदी और कतर के अमीर ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 14 अरब डॉलर से दोगुना करके 28 अरब डॉलर करने का लक्ष्य भी तय किया है.

पिछले साल मोदी की कतर यात्रा के दौरान भारत ने खाड़ी देश से एलएनजी आयात को 2048 तक 20 साल बढ़ाने के लिए 78 अरब डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. अप्रैल, 2000 से सितंबर, 2024 के दौरान भारत को कतर से 1.5 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्राप्त हुआ. भारत और कतर में द्विपक्षीय व्यापार 2022-23 में 18.77 अरब डॉलर से घटकर 2023-24 में 14 अरब डॉलर रह गया है.

कतर द्वारा भारत को किए जाने वाले प्रमुख निर्यात में एलएनजी, एलपीजी, रसायन और पेट्रोरसायन, प्लास्टिक और एल्युमीनियम उत्पाद शामिल हैं, जबकि भारत के प्रमुख निर्यात में अनाज, तांबे के उत्पाद, लोहा और इस्पात उत्पाद, सब्जियां, फल, मसाले, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद, इले्ट्रिरकल और अन्य मशीनरी, प्लास्टिक उत्पाद, निर्माण सामग्री, वस्त्र और परिधान, रसायन, कीमती पत्थर और रबड़ शामिल हैं.

कतर एलएनजी और एलपीजी का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है. इसके अलावा, भारत कतर से एथिलीन, प्रोपलीन, अमोनिया, यूरिया और पॉलीइथिलीन भी आयात करता है. व्यापार संतुलन कतर के पक्ष में बना हुआ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu