भारत दुनिया के साथ अपनी क्षमता और कामयाबी साझा करने को तैयार : भारतीय राजदूत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Apr 2023 08:15 PM
भारत दुनिया के साथ अपनी क्षमता और कामयाबी साझा करने को तैयार : भारतीय राजदूत
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने कहा है कि जी-20 के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर भारत अपनी क्षमता और कामयाबी को दुनिया के साथ साझा करने को तैयार है. संधू ने यह भी कहा कि भारत-अमेरिका के बीच साझेदारी सिर्फ दोनों देशों को ही फायदा नहीं देगी, बल्कि यह दुनियाभर के लिए अहम है. भारत ने पिछले साल दिसंबर में सालभर के जी-20 की अध्यक्षता लिए संभाली. वह इस साल सितंबर में नयी दिल्ली में एक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है. जी-20 विश्व की 20 प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक महत्वपूर्ण मंच है.

यहां ‘इंडियन हाउस’ में शनिवार को विशिष्ट भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित करते हुए संधू ने कहा, ‘‘जी-20 के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में, हम अपनी क्षमता और सफलताओं को दुनिया के साथ साझा करने के लिए तैयार हैं-टीकों और कौशल से लेकर डिजिटल सार्वजनिक लाभ तक और साथ ही हमने दूसरों से क्या सीखा है.’’ संधू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का मानना है कि लोकतंत्र परिणाम देगा.

उन्होंने यह भी कहा, ‘‘भारत का कई क्षेत्रों में अमेरिका के साथ सहयोग है. हम क्वाड, आई2यू2 और आईपीईएफ के तहत साथ मिलकर काम कर रहे हैं.’’ राजदूत ने कहा, ‘‘हमारे प्रवासी भारतीयों ने हमारे सपनों को और ज्यादा पंख लगाए हैं और हमारी उड़ान को अधिक गति प्रदान की है.’’ संधू ने भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीम राव आंबेडकर को उनकी 132वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu