भारतीय मूल के व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद में पत्नी, तीन रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या की

न्यूयॉर्क: अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में पारिवारिक विवाद के कारण भारतीय मूल के 51 वर्षीय व्यक्ति को पत्नी और तीन रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। ग्विनेट काउंटी पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि आरोपी विजय कुमार को लॉरेंसविले शहर में उस आवास से थोड़ी ही दूरी पर हिरासत में लिया गया जहां शुक्रवार को गोलीबारी की घटना हुई थी।

ग्विनेट काउंटी पुलिस ने मरने वालों की पहचान कुमार की पत्नी मीमू डोगरा (43) जो भारतीय नागरिक है और रिश्तेदारों गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरीश चंदर (38) के रूप में की है। अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गोलीबारी की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कथित हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”एक कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी गोलीबारी की घटना से हम बेहद दुखी हैं। घटना में मारे गए लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। कथित हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।”

पुलिस ने बताया कि अटलांटा स्थित अपने घर में कुमार और डोगरा के बीच कहासुनी शुरू हो गई और वे अपने 12 वर्षीय बच्चे के साथ ब्रुक आइवी कोर्ट स्थित अपने रिश्तेदारों के घर चले गए। पुलिस ने बताया कि गौरव कुमार, निधि चंदर और हरीश चंदर सात और दस साल के दो बच्चों के साथ ब्रुक आइवी कोर्ट स्थित घर में रहते थे।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद कुमार के बच्चे ने ही 911 पर कॉल किया था। पुलिस ने कहा, ”फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि विवाद किस बात पर हुआ। वे यहां इस आवास पर क्यों आए या घटना किस वजह से हुई।” कुमार पर गंभीर हमले, हत्या, द्वेषपूर्ण इरादे से हत्या, बच्चों के प्रति क्रूरता से संबंधित आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात लगभग ढाई बजे (स्थानीय समय के अनुसार) ब्रुक आइवी कोर्ट के 1000 ब्लॉक से पुलिस को गोलीबारी की सूचना मिली जिसके बाद अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों को घर के अंदर चार वयस्कों के शव पड़े मिले। सभी के शरीर पर गोली लगने के स्पष्ट निशान थे।

घटना के दौरान तीन बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे। बच्चे अलमारी के अंदर छुपे थे और उन्हें कोई चोट नहीं आई थी। पुलिस ने कहा कि इस हत्या के कारण की जांच अभी जारी है, लेकिन घटना घरेलू विवाद से संबंधित प्रतीत होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button