खुद अपना मुकाम बनाने वाली अमीर महिलाओं की सूची में इंद्रा नूयी, जयश्री उल्लाल शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Jul 2023 07:45 PM
खुद अपना मुकाम बनाने वाली अमीर महिलाओं की सूची में इंद्रा नूयी, जयश्री उल्लाल शामिल
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. भारतीय मूल की चार महिलाएं फोर्ब्स की ‘अपना मुकाम खुद हासिल करने वाली’ 100 सबसे अमीर महिलाओं की सूची में जगह बनाने में कामयाब रही हैं. भारतीय मूल की इन चारों महिलाओं की संपत्तियां सामूहिक रूप से 4.06 अरब डॉलर हैं. फोर्ब्स की इस सूची में कंप्यूटर नेटर्विकंग फर्म अरिस्टा नेटवर्क्स की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जयश्री उल्लाल, आईटी परामर्श और आउटसोर्सिंग फर्म सिंटेल की सह-संस्थापक नीरजा सेठी, क्लाउड कंपनी कॉन्फ्लूएंट की सह-संस्थापक एवं पूर्व मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) नेहा नारखेड़े और पेप्सिको की पूर्व चेयरमैन एवं सीईओ इंद्रा नूयी शामिल हैं.

शेयर बाजारों में जारी तेजी के बीच फोर्ब्स की 100 अमीर महिलाओं की सूची में शामिल महिला उद्यमियों की कुल संपदा एक साल पहले की तुलना में 12 प्रतिशत बढ.कर 124 अरब डॉलर पर पहुंच गई है. उल्लाल सूची में 15वें स्थान पर हैं और उनकी कुल संपदा 2.4 अरब डॉलर है. वह 2008 से सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाले अरिस्टा नेटवर्क्स की अध्यक्ष और सीईओ हैं. अरिस्टा ने 2022 में लगभग 4.4 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया. वह क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी स्नोफ्लेक के निदेशक मंडल में भी हैं.

सूची में 25वें स्थान पर मौजूद 68 वर्षीया सेठी की कुल संपत्ति 99 करोड़ डॉलर है. सेठी और उनके पति भरत देसाई द्वारा 1980 में सह-स्थापित सिंटेल को अक्टूबर, 2018 में फ्रांसीसी आईटी फर्म एटोस एसई ने 3.4 अरब डॉलर में खरीदा था. सेठी को अपनी हिस्सेदारी के लिए अनुमानित तौर पर 51 करोड़ डॉलर मिले थे.

वहीं 38 वर्षीया नारखेडे 52 करोड़ डॉलर की संपदा के साथ सूची में 38वें स्थान पर हैं. पेप्सिको की पूर्व चेयरमैन एवं सीईओ नूयी कंपनी के साथ 24 साल तक रहने के बाद 2019 में सेवानिवृत्त हुई थीं. उनकी कुल संपदा 35 करोड़ डॉलर आंकी गई है और वह सूची में 77वें स्थान पर हैं. इस सूची में एबीसी सप्लाई की सह-संस्थापक डेन हेंड्रिक्स लगातार छठी बार पहले स्थान पर रही हैं. हेंड्रिक्स की कुल संपदा 15 अरब डॉलर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu