अहिल्याबाई से प्रेरित भारतीय सेना ने पाकिस्तानी हवाई रक्षा प्रणाली को ध्वस्त किया: मुख्यमंत्री योगी

आगरा/लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई ने मालवा साम्राज्य को आत्मरक्षा के गुण सिखाए और आज भारत की सेना उसी प्रेरणा से ”र्सिजकल स्ट्राइक” और हवाई हमले करती है. वह रविवार को यहां ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान-2025’ के तहत आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

मुख्यमंत्री ने कहा, “लोकमाता ने मालवा साम्राज्य को आत्मरक्षा के गुण सिखाए. आज भारत की सेना उसी प्रेरणा से र्सिजकल स्ट्राइक और हवाई हमले करती है.” उन्होंने कहा कि “जब पाकिस्तान आतंकियों को पालता है, तो भारत घुसकर मारता है. भारतीय सेना ने पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली को ध्वस्त कर दुश्मन को झुकने के लिए मजबूर किया. यह लोकमाता के विराट व्यक्तित्व की प्रेरणा का परिणाम है.” उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर मालवा साम्राज्य की महारानी थीं, जिसका विस्तार मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों तक था.

मुगल कालखंड में जब विदेशी आक्रांताओं ने भारत की अस्मिता और आस्था के प्रतीकों, खासकर मंदिरों को नष्ट और भ्रष्ट किया, तब देवी अहिल्याबाई ने ढाई सौ साल पहले इनके पुनरुद्धार का महान कार्य किया. उन्होंने इस समारोह को लोकमाता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का एक माध्यम बताया. एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ और हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का आगरा में हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज अपने राष्ट्रनायकों और नायिकाओं से प्रेरणा लेता है, तो कोई भी ताकत उसके मार्ग में बाधा नहीं बन सकती. लोकमाता अहिल्याबाई का विराट व्यक्तित्व इसका जीवंत उदाहरण है. मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी के कार्यों से प्रेरित होकर ‘डबल इंजन’ की सरकार तमाम योजनाएं सांचालित कर रही है. मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले कुछ लोग माफिया को पालते थे, जो कानून व्यवस्था के लिए संकट पैदा करते थे. लेकिन आज ‘डबल इंजन’ की सरकार ने लोकमाता के नाम पर औरैया में मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button