ब्रज मंडल यात्रा से पहले हरियाणा के नूंह में इंटरनेट, एसएमएस सेवा 24 घंटे के लिए स्थगित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Jul 2024 08:11 PM
ब्रज मंडल यात्रा से पहले हरियाणा के नूंह में इंटरनेट, एसएमएस सेवा 24 घंटे के लिए स्थगित
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. हरियाणा सरकार ने ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट और एक साथ कई लोगों को एसएमएस भेजने की सेवाओं को 24 घंटे के लिए स्थगित करने का रविवार को आदेश दिया. पिछले साल इस यात्रा के दौरान हिंसा हुई थी. हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अनुराग रस्तोगी के आदेश के अनुसार, जिले में इंटरनेट सेवा रविवार शाम छह बजे से सोमवार शाम छह बजे तक स्थगित रहेगी.

हरियाणा के अतिरिक्त डीजीपी-सीआईडी और एक उपायुक्त के ‘फीडबैक’ पर जारी आदेश में कहा गया है, ”नूंह जिले में तनाव, गड़बड़ी, आंदोलन, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक शांति तथा सौहार्द बिगाड़ने की आशंका है.” यह आदेश व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर आदि जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से ”गलत सूचना और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए” दिया गया है. इस बीच, नूंह पुलिस ने कहा कि यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं.

पिछले साल 31 जुलाई को हरियाणा के नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश में दो होमगार्ड की मौत हो गई थी और कई पुलिसर्किमयों समेत कम से कम 15 अन्य घायल हो गए थे. भीड़ ने पथराव किया था और कारों में आग लगा दी थी.
उसी रात गुरुग्राम में एक मस्जिद पर भीड़ ने हमला कर दिया था और उसके नायब इमाम की मौत हो गई थी. इस संघर्ष के तत्काल बाद कम से कम छह लोग मारे गये थे और कई घायल हो गए थे. राज्य में मनोहर खट्टर के नेतृत्व वाली तत्कालीन भाजपा सरकार ने हिंसा को लेकर विपक्षी दलों की तीखी आलोचना की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu