आईपीएल नीलामी: ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप विजेता खिलाड़ियों ने अपना आधार मूल्य दो करोड़ रखा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 01 Dec 2023 10:31 PM
आईपीएल नीलामी: ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप विजेता खिलाड़ियों ने अपना आधार मूल्य दो करोड़ रखा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप जीत के नायक रहे ट्रेविस हेड, पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क ने 19 दिसंबर को दुबई में होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी के लिए अपने-अपने ‘बेस प्राइस’ (आधार मूल्य) को दो करोड़ रुपये के उच्चतम ‘ब्रैकेट’ (सूची) में रखा है. इस ब्रैकेट में भारतीय टीम से बाहर हुए तेज गेंदबाज हर्षल पटेल और उमेश यादव के साथ बल्लेबाज केदार जाधव भी है. ‘ईएसपीएन क्रिकइंफो’ के मुताबिक फ्रेंचाइजी को 1166 खिलाड़ियों की सूची भेजी गई है जिन्होंने इस नीलामी के लिए पंजीकरण कराया है.

सभी टीमों को मिलाकर इस ‘मिनी’ नीलामी में 77 खिलाड़ियों पर सफल बोली लग सकती है जिसमें से 30 विदेशी खिलाड़ी होंगे. इस नीलामी में फ्रेंचाइजी टीमें 262.95 करोड़ रुपये खर्च कर सकती हैं. विश्व कप के दौरान अपनी बल्लेबाजी से सभी को चौंकाने वाले न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र की आधार कीमत 50 लाख रुपये है, लेकिन उनके लिये बड़ी बोली लगने की संभावना है.

भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना पहला शतक जड़ने वाले जोस इंग्लिस, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड भी शीर्ष ब्रैकेट में हैं. दक्षिण अफ्रीका की नयी तेज गेंदबाजी सनसनी गेराल्ड कोएत्जी और खतरनाक बल्लेबाज रासी वान डेर डुसेन भी दो करोड़ रुपये के ब्रैकेट में है. दुनिया के शीर्ष कलाई के स्पिनरों में से एक वानिंदु हसरंगा 1.5 करोड़ रुपये के ब्रेकेट में हैं. उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर द्वारा रिलीज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu