
आइजोल: आईपीएस अधिकारी से नेता बने लालदुहोमा की पार्टी ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा में 27 सीटें जीतने के बाद उनका राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है।
जेडपीएम के अध्यक्ष और पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार लालदुहोमा ने बहुकोणीय मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एमएनएफ के जे. माल्सावमजुआला वानचावंग को 2,983 मतों के अंतर से हराकर अपनी सेरछिप सीट बरकरार रखी, जबकि पार्टी के अधिकांश प्रमुख उम्मीदवार अपनी-अपनी सीटों पर जीत चुके हैं या आगे चल रहे हैं।
दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पूर्व सुरक्षा अधिकारी रहे 73 वर्षीय लालदुहोमा, जिन्होंने 8,314 वोट हासिल किए, लगातार दूसरी बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए।
जीत के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि वह मंगलवार या बुधवार को राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
उन्होंने कहा, “सभी भ्रष्टाचार के मामलों (एमएनएफ शासन के दौरान) की जांच सीबीआई और अन्य एजेंसियों द्वारा की जाएगी। हम सभी क्षेत्रों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए मिजोरम में शासन की एक नई प्रणाली पेश करेंगे।”



