पेशावर. पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) पार्टी के प्रमुख नवाज शरीफ ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना आसान काम नहीं होगा. नवाज की टिप्पणी ऐसे वक्त में आई है, जब पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी), पीएमएल-एन जैसे प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं. पाकिस्तान में आठ फरवरी को आम चुनाव होने हैं.
नवाज ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के शहर मनसेहरा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान दुनिया में पिछड़ गया है और देश को ‘पुर्निनर्माण’ करना होगा. जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री के रूप में अपने पिछले कार्यकाल का जिक्र करते हुए नवाज ने कहा कि उनकी सरकार ने न केवल डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी रुपये को 104 तक सीमित कर दिया था, बल्कि नकदी की कमी वाले देश से बिजली कटौती को भी खत्म कर दिया था.
उन्होंने नाम लिए बिना पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और उसके संस्थापक इमरान खान के खिलाफ ताजा हमला बोला और अफसोस जताया कि खैबर पख्तूनख्वा के लोगों ने एक ‘झूठे’ को वोट दिया. शरीफ ने महंगाई को काबू में करने का वादा करते हुए लोगों को भरोसा दिया कि अगर लोगों ने उन्हें सत्ता दी तो उनकी सरकार नौकरियां देगी और मानसेहरा में हवाई अड्डा बनाएगी.