जम्मू-कश्मीर: पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक की पहचान आतंकवादियों के गाइड के रूप में हुई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Jun 2025 09:47 PM
जम्मू-कश्मीर: पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक की पहचान आतंकवादियों के गाइड के रूप में हुई
ऑडियो सुनें

राजौरी/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के पूंछ और राजौरी जिलों की सीमा पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास घुसपैठ की कोशिश के दौरान गिरफ्तार एक पाकिस्तानी नागरिक की पहचान आतंकवादियों के गाइड के रूप में हुई है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों के अनुसार, मोहम्मद आरिफ जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के चार आतंकवादियों के एक समूह का नेतृत्व करते हुए भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था, जब रविवार दोपहर को सेना के जवानों ने उसे पकड़ लिया. उसके साथ मौजूद आतंकवादी एक खड़ी चट्टान से कूद गए और घायल अवस्था में पाकिस्तानी सीमा में लौट गए.

आरिफ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के दातोटे गांव का निवासी है और उसे सेना के ‘ऐस ऑफ स्पेड्स’ डिवीजन के तहत गंभीर इलाके में स्थित हजूरा चौकी के पास से गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने बताया कि सेना के जवानों ने दुर्गम इलाके और घने जंगलों में संदिग्ध गतिविधि देखी, जहां से कुछ आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे. आरिफ को पकड़ लिया गया, जबकि चार अन्य आतंकवादी भारतीय सेना को देख भाग निकले और ‘नो मैन्स लैंड’ से होते हुए दुर्गम रास्तों और खराब मौसम का फायदा उठा कर पाकिस्तानी सीमा में लौट गए.

“नो मैन्स लैंड” एक ऐसा क्षेत्र होता है जो किसी के स्वामित्व या नियंत्रण में नहीं होता है. यह आमतौर पर दो विरोधी पक्षों या सेनाओं के बीच की एक खाली भूमि होती है. अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान की अग्रिम चौकियों की मौजूदगी के कारण सेना गोलीबारी नहीं कर सकी. ड्रोन से लिए गए वीडियो में खून के निशान दिखे, जिससे संकेत मिलता है कि आतंकवादियों को खड़ी चट्टान से कूदने और गिरने से चोटें आई हैं.

आरिफ के पास से एक मोबाइल फोन और करीब 20,000 पाकिस्तानी रुपये मिले. पूछताछ में उसने बताया कि वह नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पाकिस्तानी हिस्से का निवासी है और उसे वहां की भौगोलिक जानकारी है. वह पाकिस्तानी सेना के निर्देश पर आतंकियों की भारत में घुसपैठ कराने में मदद कर रहा था.

अधिकारियों ने बताया कि आतंकी गाइड से विस्तृत पूछताछ जारी है और महत्वपूर्ण खुफिया जानकारियां हासिल की जा रही हैं.
उन्होंने कहा कि यह सफल घुसपैठ रोधी अभियान भारतीय सेना के अदम्य संकल्प और उनकी दक्षता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए सभी घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने की प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu