जम्मू कश्मीर: पुंछ में सरकारी इमारत में ग्रेनेड मिलने से हड़कंप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Jul 2024 08:37 PM
जम्मू कश्मीर: पुंछ में सरकारी इमारत में ग्रेनेड मिलने से हड़कंप
ऑडियो सुनें

पुंछ/जम्मू. जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में एक सरकारी इमारत की छत पर ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया. बाद में इसे नि्क्रिरय कर दिया गया. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. ग्रेनेड मिलने से वहां सरकारी क्वार्टर में रहने वालों में दहशत फैल गई. अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम राजा सुखदेव जिला अस्पताल के पास एक सरकारी आवास की इमारत की छत पर खेलते समय कुछ बच्चों को ग्रेनेड मिला. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने निवासियों और अस्पताल के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इलाके की घेराबंदी की है. पुलिस ने बताया कि ग्रेनेड को नि्क्रिरय करने के लिए बम निरोधक विशेषज्ञों को बुलाया गया तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस को संदेह है कि किसी ने ग्रेनेड फेंका और वहां से भाग गया. हालांकि यह ग्रेनेड फटा नहीं.

क्वार्टर में रहने वाली महिला गुलफाम ने यहां संवाददाताओं को बताया,” मेरे बच्चे बार बार कह रहे थे कि छत पर कुछ है और जब मैं वहां गई तो देखा कि कोने में कोई चीज पड़ी है. मेरे छोटे बेटे ने बताया कि उसे लगा था कि ये कोई गड़बड़ चीज है.” महिला ने कहा, ” मुझे लगा कि यह बिजली विभाग का है और मैंने उन्हें फोन किया क्योंकि वे दिन में यहां काम कर रहे थे. जब उन्होंने जांच की तो उन्होंने मुझे सुरक्षाकर्मी को सूचित करने को कहा क्योंकि यह वस्तु उनकी नहीं थी.” महिला ने बताया कि सुरक्षाकर्मी ने कहा कि यह बम है और उन्हें पुलिस को इसकी सूचना देनी होगी. उन्होंने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक एक टीम के साथ यहां पहुंचे और आधे घंटे के भीतर ग्रेनेड को वहां से हटा दिया गया. पुलिस ने कहा कि उसने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने को कहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu