
लॉस एंजिलिस. अमेरिकी अभिनेत्री, गायिका जेनिफर लोपेज और अभिनेता बेन एफ्लेक ने शादी कर ली है. दोनों ने इससे पूर्व 20 साल पहले 2002 में सगाई की थी. लोपेज ने अपनी वेबसाइट ‘आॅन द जेएलओ’ पर यह जानकारी दी. लोपेज ने बताया कि उनके और एफ्लेक के बच्चों की मौजूदगी में लास वेगास के ‘लिटिल व्हाइट वेंिडग चैपल’ में दोनों ने शादी की.
जेनिफर लोपेज और बेन एफ्लेक ने अप्रैल में दोबारा सगाई करने की घोषणा की थी. पहली बार दोनों ने नवंबर 2002 में सगाई की थी, लेकिन 2004 की शुरुआत में दोनों अलग हो गए थे. लोपेज ने 2004 में ही जून में मार्क एंथोनी से शादी कर ली थी, दोनों 2008 में जुड़वा बच्चों के माता-पिता बने थे. अमेरिकी अभिनेता एफ्लेक ने 2005 में जेनिफर गार्नर से शादी की और दोनों के तीन बच्चे हैं. लोपेज ने लिखा कि पांच बेहतरीन बच्चों का परिवार पाकर वे दोनों बेहद खुश हैं.



