झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ कांस्टेबल को श्रद्धांजलि दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Sep 2023 07:46 PM
झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ कांस्टेबल को श्रद्धांजलि दी
ऑडियो सुनें

रांची. झारखंड के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के पश्चिम सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ एक खोजबीन अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में जान गंवाने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कांस्टेबल को शुक्रवार को पुष्पांजलि अर्पित की.

छत्तीसगढ. के गरियाबंद जिला स्थित रेवाली गांव निवासी राजेश कुमार के पार्थिव शरीर को यहां सीआरपीएफ कैम्प परिसर में रखा गया था, जहां पुलिस और नागरिक प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. नक्सलियों के खिलाफ अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन से संबद्ध इसके दो कर्मी टोंटो पुलिस थाना क्षेत्र में तुम्बाहाका और सरजोम्बुरु गांवों के बीच के जंगल के पास एक विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बाद में, कुमार की चोटों के चलते मृत्यु हो गई.

राज्यपाल ने मीडियार्किमयों से बात करते हुए कहा, ”हम दोनों, मैं और मुख्यमंत्री आश्वस्त हैं कि नक्सलवाद को झारखंड में जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा. हम निरंतर एक दूसरे के संपर्क में हैं. जल्द ही एक बड़ी योजना लागू की जाएगी.” इससे पहले, राधाकृष्णन ने रांची स्थित उस अस्पताल का दौरा किया, जहां एक और कर्मी, निरीक्षक भूपेंद्र कुमार का इलाज चल रहा है. राज्यपाल ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा, ”हमारे बहादुर सैनिक राजेश कुमार ने राज्य को नक्सलियों से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया. पूरा राज्य सदा ही उनके बलिदान को याद रखेगा.”

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu