ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Jul 2022 05:59 PM
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने बृहस्पतिवार को इस्पात मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया. राज्यसभा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले 51 वर्षीय सिंधिया नागर विमानन मंत्री हैं. मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार में वह तीसरे इस्पात मंत्री हैं.

कामकाज संभालने से पहले सिंधिया ने यहां उद्योग भवन में अपने कार्यालय की मेज पर भगवान गणेश की प्रतिमा रखी. उन्होंने इस्पात सचिव संजय कुमार सिंह और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यभार संभाला. सिंधिया ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री के निर्देश के मुताबिक मैं इस्पात मंत्रालय का प्रभार संभाल रहा हूं. इस नई जिम्मेदारी को बखूबी निभाने की मैं पूरी कोशिश करूंगा.’’ बतौर इस्पात मंत्री सिंधिया आज पहले दिन मंत्रालय के अधिकारियों और विभागों के साथ बैठकें करेंगे और इस्पात क्षेत्र की सभी सार्वजनिक कंपनियों के प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे.

पूर्व इस्पात मंत्री राम चंद्र प्रसाद सिंह ने अपना राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने से एक दिन पहले, बुधवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. सिंह पिछले वर्ष आठ जुलाई को इस्पात मंत्री बने थे. उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान का स्थान लिया था जिन्हें मंत्रिमंडल फेरबदल में शिक्षा मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोंिवद ने इस्पात मंत्रालय का प्रभार सिंधिया को सौंपने का निर्देश दिया था.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu