कबीरधाम: झोपड़ी में आग लगने से दंपति और 12 वर्षीय बेटे की झुलसकर मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 10:36 PM
कबीरधाम: झोपड़ी में आग लगने से दंपति और 12 वर्षीय बेटे की झुलसकर मौत

ऑडियो सुनें

कबीरधाम/रायपुर. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में घर में आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागाडबरा गांव के एक घर में आग लगने से बुधराम (35), उनकी पत्नी हिरामती बाई (32) और पुत्र जोनहू राम (12) की मृत्यु हो गई है.

उन्होंने बताया कि पुलिस को आज ग्रामीणों से बुधराम के घर में आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस दल को तीनों के शव मिले जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिवार के तीनों सदस्य रविवार को किसी परिजन के घर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और वहां से वे देर रात घर लौटे थे.

उन्होंने बताया कि घर में रखा चूल्हा और गैस सिलेंडर पूरी तरह से जला हुआ है. उनके मुताबिक, आशंका है कि गैस सिलेंडर से रिसाव की वजह से घर में आग लगी होगी जिसमें जलकर तीनों की मृत्यु हो गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मुख्यमंत्री ने अग्नि दुर्घटना में बैगा परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु पर गहरा दुःख प्रकट किया
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कवर्धा जिले के पंडरिया विकासखण्ड के ग्राम पंचायत माठपुर के आश्रिम ग्राम नागाडबरा में रविवार रात एक झोपड़ी में आग लगने से बैगा परिवार के तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने मृतक परिवार के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

By Yogesh Kumar Sahu