कॉस्मेटिक सर्जरी के बाद कन्नड़ अदाकारा चेतना राज की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 May 2022 08:06 PM
कॉस्मेटिक सर्जरी के बाद कन्नड़ अदाकारा चेतना राज की मौत
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. शहर के एक अस्पताल में प्लास्टिक सर्जरी के बाद टेलीविजन की उभरती अभिनेत्री चेतना राज की मौत हो गई. पुलिस ने मंगलवार को कहा कि पीड़िता के परिवार ने एक कॉस्मेटिक सेंटर में ‘वसा रहित’ सर्जरी प्रक्रिया को लेकर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है. चेतना राज (21) ने ‘डोरेसानी’ और ‘गीता’ जैसे धारावाहिक में भूमिकाओं से अपनी पहचान बनाई थी. उन्हें प्लास्टिक सर्जरी के लिए सोमवार को डॉ. शेट्टी कॉस्मेटिक सेंटर में भर्ती कराया गया था.

पुलिस ने कहा कि अस्पताल में ‘वसा रहित’ सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया के बाद आॅपरेशन के दौरान चीजें बिगड़ गईं. जैसे ही अभिनेत्री को दिल का दौरा पड़ा एनेस्थेटिस्ट डॉ. मेल्विन ने उन्हें काडे अस्पताल पहुंचाया. काडे अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) के डॉ. संदीप वी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार डॉ. मेल्विन अभिनेत्री को अस्पताल पहुंचाया और सभी को उनके निर्देशानुसार इलाज करने की ‘चेतावनी’ दी.

डॉ. संदीप ने यह भी कहा कि पीड़िता की नाड़ी नहीं चल रही थी और उन्हें 45 मिनट तक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन) देने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. डॉ. संदीप को शक हुआ कि चेतना को मृत लाया गया है. डॉ. संदीप ने अपनी शिकायत में कहा है, ‘‘हम इन डॉक्टरों के इस तरह के व्यवहार का कड़ा विरोध करते हैं और यदि आवश्यक हो तो हम उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्णय ले सकते हैं.

यह घटना सामान्य नहीं लगती है.’’ कई बार कॉल और मैसेज करने के बावजूद डॉ. शेट्टी कॉस्मेटिक सेंटर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. चेतना के पिता के वरदराज ने कहा कि अस्पताल के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनकी बेटी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई. उन्होंने बसवेश्वर नगर थाने में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. चेतना के साथ काम कर चुके टेलीविजन के एक अभिनेता ने पहचान जाहिर नहीं करने की शर्त पर कहा कि चेतना एक होनहार और महत्वाकांक्षी अदाकारा थीं, जो जल्दी सफलता हासिल करना चाहती थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu