करेन आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बने, पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ रुपये की बोली लगाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Dec 2022 09:08 PM
करेन आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बने, पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ रुपये की बोली लगाई
ऑडियो सुनें

कोच्चि. इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी सैम करेन शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए जिन्हें पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ रुपये में खरीदा. इस नीलामी में शीर्ष पांच खिलाड़ियों के लिए फ्रेंचाइजी टीमों ने 73.75 करोड़ रुपये खर्च किये.   मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच करेन को टीम में जोड़ने के लिए लंबी बोली प्रक्रिया चली. हाल ही में टी20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाले करेन को पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड रकम के साथ खरीदा.

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला क्रिस मौरिस 2021 में आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे जब राजस्थान रॉयल्स ने तब उनके लिए 16.25 करोड़ रुपये की बोली लगायी थी. आॅस्ट्रेलिया के हरफनमौला कैमरन ग्रीन को आईपीएल नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा. वह इस लीग के इतिहास में दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गये.

ग्रीन ने अपनी नीलामी के बाद स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम ‘क्रिकेट लाइव-आॅक्शन स्पेशल’ में कहा, ‘‘ मैं अपने आप को चिकोटी काट रहा हूं कि यह सब हो गया. खुद को नीलामी में देखना कितना अजीब अहसास है. मैं इतना घबराया हुआ था कि मुझे विश्वास नहीं हो रहा था. अंतिम बोली की पुष्टि होने के बाद मेरे शरीर में सिरहन सी हो गयी.’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं हमेशा से आईपीएल का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं और इसका हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है. मुंबई इंडियंस प्रतियोगिता की बड़ी और सफल टीमों में से एक है इसलिए मैं उनके साथ जुड़कर बहुत विनम्र महसूस कर रहा हूं. मैं अगले साल वहां पहुंचने का इंतजार कर रहा हूं.’’ इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान और दिग्गज हरफनमौला बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ की रकम के साथ अपनी टीम से जोड़ा. स्टोक्स के लिए चेन्नई और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच लंबे समय तक बोली चली लेकिन अंतिम बाजी महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम के नाम रही.

आईपीएल की इस छोटी नीलामी में इंग्लैंड के खिलाड़ियों की धमक रही. टीम के बल्लेबाज हैरी ब्रुक के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपये की बोली लगायी. हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर लगातार तीन शतक का रिकॉर्ड बनाने वाले ब्रुक का बेस प्राइस (आधार मूल्य) डेढ़ करोड़ रुपये था. भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मयंक अग्रवाल को भी सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा. उनका बेस प्राइस एक करोड़ रुपये था.

न्यूजीलैंड के दिग्गज केन विलियमसन को गुजरात टाइटन्स ने उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपये में खरीदा. राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे अंिजक्य रहाणे को उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा. रहाणे के लिए सिर्फ चेन्नई की फ्रेंचाइजी ने ही बोली लगायी.   दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज रिले रूसो और बांग्लादेश के हरफनमौला शाकिब-अल-हसन के लिए किसी भी फ्रेंचाइजी ने बोली नहीं लगायी. वेस्टइंडीज के आॅलराउंडर जेसन होल्डर को राजस्थान रॉयल्स ने 5.75 करोड़ रुपये में खरीदा.

आॅस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान आरोन ंिफच करेन, स्टोक्स और ग्रीन को बड़ी रकम मिलने से हैरान नहीं हैं. फिच ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम ‘क्रिकेट लाइव-आॅक्शन स्पेशल’ में कहा, ‘‘  हां, बिल्कुल, मुझे लगता है कि चेन्नई का अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने का इतिहास रहा है. विश्व स्तरीय आॅलराउंडर की मौजूदगी से टीम संतुलित होती है. ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ करेन, स्टोक्स और ग्रीन के बीच सिर्फ यही अंतर है कि करेन आखिरी के पांच ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते है. इस दौरान उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. ऐसे में अगर आप गेंदबाजी हरफनमौला की तलाश में है वह इसे पूरा करते है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन स्टोक्स टीम में किसी भी स्थान पर बल्लेबाजी करने के साथ अपने कोटे के चार ओवर की गेंदबाजी भी कर सकते है. मुझे इन तीनों के लिए बड़ी बोली लगने से कोई आश्चर्य नहीं है.’’ इन हरफनमौला खिलाड़ियों के अलावा इंग्लैंड के हैरी ब्रुक को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा. वेस्टइंडीज के पूर्व महान खिलाड़ी और टीम के मुख्य कोच ब्रायन लारा ने कहा कि निकोलस पूरन की गैरमौजूदगी में ब्रुक्स टीम में फिनिशर की भूमिका निभाएंगे.

उन्होंने कहा, ‘‘पूरन की गैरमौजूदगी से हम किसी ऐसे खिलाड़ी की तलाश कर रहे थे जो हमारे लिए मैच के आखिरी ओवरों में तेज बल्लेबाजी कर सके. वह बहुत अच्छा बल्लेबाज है. यह उनका पहला आईपीएल होगा. उसे लय में आने में समय लगेगा. मुझे विश्वास है कि वह एक बेहतरीन विकल्प है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ ब्रुक को एशिया के हालात में खेलने का अनुभव है. उन्होंने पाकिस्तान में टेस्ट खेला है. वह पाकिस्तान सुपर लीग का हिस्सा भी रहे है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu