तोड़फोड़ के खिलाफ झुग्गीवासियों से केजरीवाल की प्रदर्शन की अपील, भाजपा-कांग्रेस को ‘भाई-बहन’ बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Jun 2025 09:30 PM
तोड़फोड़ के खिलाफ झुग्गीवासियों से केजरीवाल की प्रदर्शन की अपील, भाजपा-कांग्रेस को ‘भाई-बहन’ बताया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को झुग्गीवासियों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के तोड़फोड़ अभियान के खिलाफ प्रदर्शन करने का आग्रह किया तथा उनसे भविष्य के चुनावों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को खारिज करने की अपील की.

केजरीवाल ने झुग्गी-झोपड़ियों को उजाड़े जाने के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा जंतर-मंतर पर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’, लेकिन उनके कहने का मतलब था ‘जहां झुग्गी, वहां मैदान’. उनके वादे झूठे हैं और मैं आपसे आग्रह करता हूं कि भविष्य में उनके झांसे में न आएं.” ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने पिछले पांच महीनों में शहर को ‘बर्बाद’ कर दिया है.

उन्होंने आरोप लगाया, “हमने एक बेहतरीन दिल्ली सौंपी थी. लेकिन इन लोगों (भाजपा सरकार) ने शहर को बर्बाद कर दिया. यहां लंबी अवधि की बिजली कटौती हो रही है, विद्यालयों की फीस बढ़ा दी गई है तथा उनके (दिल्ली सरकार के) मंत्री और विधायक दिल्ली को लूटने में व्यस्त हैं.” केजरीवाल ने झुग्गीवासियों से एकजुट होने का आ”ान करते हुए कहा, “यहां 40 लाख झुग्गीवासी हैं. अगर आप सड़कों पर उतरेंगे तो वे तोड़फोड़ रोकने को मजबूर हो जाएंगे.” उन्होंने कहा, “अन्ना (हजारे) आंदोलन जंतर-मंतर से शुरू हुआ और कांग्रेस को सत्ता से हटा दिया. यहां से एक नया आंदोलन शुरू होगा और भाजपा की सत्ता पर पकड़ भी डगमगा जाएगी.” ‘आप’ संयोजक ने लोगों से भविष्य में कांग्रेस और भाजपा में से किसी को भी वोट न देने का आग्रह करते हुए कहा कि दोनों पार्टियां ”भाई-बहन” की तरह हैं.

उन्होंने कहा, “जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब बिजली कटती थी और विद्यालयों की फीस मनमाने तरीके से बढ़ाई जाती थी. 10 वर्ष तक हमने ऐसा नहीं होने दिया. लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद फिर से वही चीजें हो रही हैं.” केजरीवाल ने भाजपा पर ‘आप’ नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके उन्हें निशाना बनाने का भी आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, “भाजपा ने मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और सौरभ भारद्वाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. प्राथमिकी का यह खेल बंद करें और लोगों के लिए काम करें.” सिसोदिया और जैन, कक्षा निर्माण में कथित अनियमितताओं के संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) की जांच का सामना कर रहे हैं. पिछले सप्ताह एसीबी ने अस्पताल निर्माण परियोजनाओं में देरी से संबंधित कथित भ्रष्टाचार के लिए भारद्वाज और जैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu