खरगे ने मोदी पर हर चीज को अपने ‘नियंत्रण’ में रखने का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 20 Nov 2023 07:43 PM
खरगे ने मोदी पर हर चीज को अपने ‘नियंत्रण’ में रखने का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंदरगाह से लेकर हवाई अड्डे तक हर चीज पर ”नियंत्रण” रखते हैं और उन्होंने जनता को ”गुलाम” बनाने का काम शुरू किया है. खरगे ने चुनाव प्रचार अभियान के तहत अनूपगढ. और हनुमानगढ. में जनसभाओं को संबोधित किया. उन्होंने कांग्रेस द्वारा लोगों के मुद्दों और चिंताओं को दूर करने के लिए काम करने का आश्वासन देते हुए कहा,”हमने जो वादे किये , उन्हें हम निभाएंगे.”

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान हवाई क्षेत्र में प्रतिबंधों की ओर इशारा करते हुए अनूपगढ. में उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री भी इस क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं. वह हनुमानगढ. आएंगे… जहां हम जाते हैं … हमें उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिलती है.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”… हर चीज उनके नियंत्रण में है यानी हवा उनके नियंत्रण में है.. जमीन उनके नियंत्रण में है, हवाई अड्डे उनके नियंत्रण में हैं.” उन्होंने कहा, ”यहां तक कि जनता को गुलाम बनाने का भी काम उन्होंने शुरू किया है.. लेकिन हम डरने वाले नहीं. वे कितना भी डराने की कोशिश करें, हम डरेंगे नहीं.. लड़ेंगे और गरीबों के जो भी तकलीफ हैं, उन्हें दूर करेंगे ङ्घगरीबों के जो काम हैं वे हम करके दिखायेंगे .” प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोमवार को राजस्थान में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया.

खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के इस आरोप को भी खारिज किया कि उन्होंने (खरगे ने) मोदी के पिता को गाली दी थी. मोदी ने शनिवार को नागौर की एक रैली में आरोप लगाया था कि खरगे ने उनके पिता को अपशब्द कहे थे. उन्होंने अलग-अलग मौकों पर यह कहने पर भी प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया कि वह (मोदी) कैंटीन में चाय बेचते थे. खरगे ने प्रधानमंत्री पर सहानुभूति पाने के लिए झूठ फैलाने का आरोप लगाया. कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके पिता एक मजदूर थे और वह लोगों की सेवा करने के लिए राजनीति में आए हैं, न कि उन्हें बांटने के लिए.

उन्होंने प्रधानमंत्री पर लोगों को धर्म के नाम पर बांटने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा “आप राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मुझे गाली देते हैं. आप 23-24 साल से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में काम कर रहे हैं और कहते हैं कि आप गरीब हैं.” उन्होंने जनता से आ”ान किया कि वे ‘ढोंगी लोगों के झांसे में नहीं आयें.’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने आजादी की लड़ाई लड़ी एवं बलिदान दिए. उन्होंने सवाल किया कि आजादी की लड़ाई में आरएसएस या भाजपा का क्या योगदान था. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जान देने वाले लोग हैं और भाजपा में जान लेने वाले लोग हैं. उन्होंने कहा,”महात्मा गांधी की हत्या किसने की? और नाथूराम गोडसे की मानसिकता वाले लोग किस पार्टी में हैं?” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, मणिपुर, महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों में चुनी हुई सरकारें गिरा दी. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के पास एक बड़ी वॉशिंग मशीन है जिसमें भ्रष्ट विधायक ‘क्लीन’ होकर निकलते हैं.

हनुमानगढ. में एक अन्य रैली में खरगे ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस को गाली देने और लोगों को आपस में लड़ाने के अलावा कुछ नहीं किया. उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और जवाहर लाल नेहरू ने भारतीय संविधान बनाया और लोगों को वोट देने का समान अधिकार मिला.

उन्होंने कहा,”उनके कार्यालय में अंबेडकर की तस्वीर भी नहीं है लेकिन अब वह उनका नाम ले रहे हैं क्योंकि दलित अब जाग गए हैं. 2014 से पहले मोदी ने कितनी बार मनाई अंबेडकर जयंती?” उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में 30 लाख नौकरियों के अवसर हैं लेकिन मोदी सरकार नहीं चाहती कि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आरक्षण का लाभ मिले इसलिए सार्वजनिक उपक्रमों को निजी क्षेत्र को बेचकर रोजगार के अवसर कम किये जा रहे हैं.

उन्होंने कहा,”आपको केवल अडाणी की परवाह है. अमीर को और अमीर बनाया जा रहा है जबकि गरीब और गरीब होते जा रहे हैं. जबकि हम हमेशा गरीबों का ख्याल रखते हैं.” उन्होंने अशोक गहलोत सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पांच साल में बेहतरीन काम किया है. खरगे ने राज्य में कांग्रेस द्वारा दी जा रही दस गारंटियों के बारे में बताया.

कांग्रेस ने राज्य में सात गारंटियों की घोषणा करते हुए कहा है कि दोबारा सत्ता में आने पर वह इन्हें लागू करेगी. इन सात गारंटियों में परिवार की महिला मुखिया को 10,000 रुपये की वार्षिक सम्मान राशि देना, 1.05 करोड़ परिवारों को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देना, पशुपालकों से दो रुपये प्रति किलो गोबर की खरीद, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना का कानून बनाना, सरकारी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को टैबलेट या लैपटॉप देना, प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रति परिवार 15 लाख रुपये तक का बीमा कवर शामिल है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu