कोटा: शिव बारात में शामिल 14 बच्चे बिजली के तार की चपेट में आकर झुलसे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Mar 2024 07:26 PM
कोटा: शिव बारात में शामिल 14 बच्चे बिजली के तार की चपेट में आकर झुलसे
ऑडियो सुनें

कोटा/जयपुर. राजस्थान के कोटा में महाशिवरात्रि के मौके पर शुक्रवार को शिव बारात में भाग लेने वाले 14 बच्चे बिजली के तार की चपेट में आने से झुलस गये. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे के घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन को उचित निर्देश दिए हैं.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुन्­हाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सगतपुरा इलाके में 10 से 16 साल की उम्र के बच्चे कम ऊंचाई वाले ‘हाई टेंशन’ तार की चपेट में आ गये. उन्होंने बताया कि एक बच्चा 100 फीसदी तक झुलस गया जबकि दूसरा बच्चा करंट लगने से 50 फीसदी तक झुलस गया.

अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को आनन-फानन में कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया. कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब साढ.े 11 बजे से 12 बजे के बीच उस समय हुई, जब शिव बारात कालीबस्ती से गुजर रही थी. उन्होंने बताया कि इसी दौरान यात्रा में शामिल एक लड़का, जिसने 22 फुट ऊंचा डंडा पकड़ा हुआ था, ऊपर से गुजर रहे ‘हाई-टेंशन’ तार के संपर्क में आ गया. डंडे के ऊपर एक झंडा भी लगा हुआ था.

उन्होंने बताया कि जिस बच्चे ने झंडा पकड़ा हुआ था, वह 100 फीसदी तक झुलस गया. वहीं उस बच्चे को बचाने का प्रयास करने वाले अन्य बच्चे भी झुलस गये. अधिकारी ने बताया कि एक बच्चा 50 फीसदी तक झुलस गया जबकि 12 बच्चों को 50 फीसदी से कम चोटें आई हैं. वहीं मुख्यमंत्री शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हादसे पर दुख जताया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को उचित निर्देश दिए गए हैं.
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”कोटा में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात के दौरान ‘हाईटेंशन तार’ की चपेट में आने से 18 नागरिकों के झुलसने का समाचार दु:खद है.” उन्होंने कहा ”प्रभु नीलकंठ से प्रार्थना है कि घायल नागरिकों को अति शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.” शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री दिलावर ने जिला कलेक्टर से फोन पर बात करके पूरे मामले की जानकारी ली तथा घायलों के उपचार के लिए सभी संभव उपाय करने के लिए निर्देश दिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu