राष्ट्रों के बीच विश्वास की कमी संघर्ष की ओर ले जा रहा : शेख हसीना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 17 Nov 2023 09:11 PM
राष्ट्रों के बीच विश्वास की कमी संघर्ष की ओर ले जा रहा : शेख हसीना
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रों के बीच ”विश्वास की कमी” एवं अंतरराष्ट्रीय कानूनों के प्रति सम्मान का अभाव यूक्रेन संघर्ष और फलस्तीन में नरसंहार की ओर ले गया. उन्होंने वैश्विक नेताओं से टकराव को खत्म करने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया.

हसीना ने भारत द्वारा आयोजित दूसरे ‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट’ को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही.
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री ने फलस्तीनियों की स्थिति पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ”वक्त आ गया है कि हम सभी एक विश्व के रूप में एकजुट हों और संघर्ष को खत्म करने की मांग करें.” सम्मेलन में 125 देशों के प्रतनिधियों ने हिस्सा लिया. हसीना यहां अपने गणोभवन आधिकारिक आवास से डिजिटल माध्यम से सम्मेलन में शामिल हुईं.

उन्होंने कहा कि ‘ग्लोबल साउथ’ मुश्किल दौर से गुजर रहा है और नयी चुनौतियों का सामना कर रहा है क्योंकि विश्वास में कमी के चलते अब एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिबंध लगाये जा रहे हैं. ‘ग्लोबल साउथ’ से तात्पर्य उन देशों से है जिन्हें अक्सर विकासशील, कम विकसित अथवा अविकसित के रूप में जाना जाता है, ये मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और लातिन अमेरिका में स्थित हैं.

हसीना ने कहा, ”इस मुश्किल समय में, विश्व को अवश्य एकजुट होना चाहिए और हर किसी के विकास के लिए प्रत्येक का विश्वास मजबूत करना चाहिए.” उन्होंने इस सम्मेलन का आयोजन करने और जी20 की भारत की अध्यक्षता के दौरान ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज उठाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu