लालू प्रसाद ने महाकुंभ को ‘अर्थहीन’ बताकर विवाद खड़ा किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Feb 2025 08:01 PM
लालू प्रसाद ने महाकुंभ को ‘अर्थहीन’ बताकर विवाद खड़ा किया
ऑडियो सुनें

पटना. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद ने रविवार को विवादित बयान देते हुए महाकुंभ को ‘अर्थहीन’ करार दिया और नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ से हुई लोगों की मौत के लिए रेलवे को जिम्मेदार ठहराया. नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. इस भगदड़ में मरने वाले बिहार के लोगों और घायलों की सही संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है. राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने इस घटना को लेकर केंद्र की राजग सरकार पर निशाना साधा और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस्तीफे की मांग की.

पटना में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए लालू ने कहा, ”बहुत दुखद घटना घटी है… हम सब लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं. यह रेलवे की गलती है. रेलवे के कुप्रबंधन और लापरवाही की वजह से इतने लोगों की मौत हुई है. इस घटना के बाद केंद्रीय रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए.” महाकुंभ को लेकर बढ़ती भीड़ के बारे में पूछे जाने पर राजद प्रमुख ने कहा, ”अरे ये सब कुंभ का क्या कोई मतलब है, फालतू है कुंभ.”

लालू की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार भाजपा के प्रवक्ता मनोज शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”राजद प्रमुख अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं. राजद नेताओं ने हमेशा हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं का अपमान किया है. राजद प्रमुख का महाकुंभ को ‘अर्थहीन’ बताने वाला ताजा बयान हिंदू धर्म के प्रति पार्टी की मानसिकता को उजागर करता है. वे (राजद) श्रावण मास में मांसाहारी भोजन करके सनातन धर्म के नियमों की अवहेलना करते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu