‘आइए गांधी, सीता और राम के विचारों को आत्मसात करें’ : न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एडम्स का दिवाली संदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Oct 2023 08:47 PM
‘आइए गांधी, सीता और राम के विचारों को आत्मसात करें’ : न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एडम्स का दिवाली संदेश
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने कहा है कि दिवाली हम सभी को अंधकार को चीरकर प्रकाश की ओर बढ.ने की याद दिलाती है. उन्होंने लोगों से भगवान राम, देवी सीता और महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात करने तथा बेहतर मानव बनने का आह्वान किया.

अपने न्यूयॉर्क आवास ‘ग्रेसिया मैंशन’ पर आयोजित वार्षिक दिवाली समारोह में एडम्स ने लोगों से दुनिया में अंधकार को दूर कर रोशनी फैलाने का आह्वान किया. एडम्स ने कहा, ”दिवाली सिर्फ एक छुट्टी नहीं है. यह हम सभी को याद दिलाती है कि हमें दुनिया से अंधकार को मिटाना होगा और प्रकाश फैलाना होगा. ‘रोशनी का त्योहार’ इसी बारे में है.” इस वार्षिक समारोह में सैकड़ों भारतवंशी अमेरिकी और दक्षिण एशियाई समुदाय के नागरिक तथा अन्य देशों से आए प्रवासियों का समुदाय एवं सरकारी अधिकारी शामिल हुए. एडम्स ने कहा कि दिवाली मोमबत्ती या दिए जलाने से कहीं अधिक ”हमारे जीवन को प्रकाशमान” करने के बारे में है.

उन्होंने कहा, ”दुनिया में बहुत अधिक अंधकार है जो हम हर दिन देखते हैं. इसलिए अगर हम वास्तव में रामायण के जीवन, सीता के जीवन, गांधी के जीवन में विश्वास करते हैं तो हमें निश्चित रूप से गांधी के नक्शे कदम पर चलना होगा.” एडम्स ने कहा कि ऐसे वक्त में जब दुनियाभर में अंधकार छाया हुआ है और दुनिया बेकसूर लोगों की मौत का गवाह बन रही है, ऐसे में ”हम इसे (अंधकार को) हमारे भविष्य को और मानवता को निगलते” हुए नहीं देख सकते.

उन्होंने कहा, ”आइए बेहतर मनुष्य बनें. दिवाली के सार को आत्मसात करें. गांधी की विचारधारा को आत्मसात करें. सीता की विचारधारा को अपनाएं. राम की विचारधारा को जिएं और तभी हम सही मायने में इस दिन की मूल भावना को आत्मसात कर पाएंगे जो वास्तव में इसका अर्थ है.” न्यूयॉर्क राज्य की विधायक जेनिफर राजकुमार ने कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय इससे पहले कभी इतना ताकतवर नहीं रहा. राजकुमार के प्रयासों से ही न्यूयॉर्क सिटी में स्कूलों में दिवाली के दिन छुट्टी की घोषणा की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu