‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ हासिल करने में एलआईसी निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Dec 2023 08:27 PM
‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ हासिल करने में एलआईसी निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ हासिल करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
एलआईसी के चेयरमैन सिद्धार्थ मोहंती ने कहा कि इसके लिए बीमा कंपनी विशेष योजना बना रही है और खासतौर से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए तैयार किए गए उत्पाद पेश किए जाएंगे.

उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया, ”जोर इस बात पर होगा कि अधिकतम ग्रामीण जनता को कैसे बीमा के दायरे में लाया जाए, जिन्हें वास्तव में बीमा की जरूरत है. आने वाले दिनों में हमारे कुल कारोबार में ग्रामीण हिस्सेदारी भी बढ़ जाएगी.” उन्होंने कहा कि ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ के लक्ष्य को हासिल करने में एलआईसी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और इस दिशा में कंपनी ने पहले ही काम शुरू कर दिया है.

उन्होंने कहा, ”मुझे नियामक को धन्यवाद देना चाहिए. नियामक इरडा ने पहले ही एक समग्र उत्पाद ‘बीमा विस्तार’ का प्रस्ताव दिया है, जिसमें जीवन, स्वास्थ्य और संपत्ति बीमा शामिल होगा.” उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को बेचने के लिए ‘बीमा वाहक’ को लगाया जाएगा और यह एक महिला-केंद्रित वितरण मॉडल होगा.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का आ”ान किया है, जब देश ब्रिटिश शासन से आजादी के 100 साल पूरे करेगा. फिलहाल, भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है लेकिन वैश्विक औसत की तुलना में यहां बीमा की पहुंच कम है. मोहंती ने कहा कि दावा निपटान, ऋण और अन्य सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध कराई जाएंगी.

उन्होंने कहा, ”ग्राहकों को कार्यालय आने की जरूरत नहीं है. वे घर बैठे अपने मोबाइल पर हमारी जरूरी सेवाओं तक पहुंच सकते हैं… हम फिनटेक पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और व्यापार के विस्तार में इसकी क्षमता का उपयोग करेंगे.” उन्होंने कहा कि एलआईसी अपनी खुद की फिनटेक शाखा के विकल्प भी तलाश रही है, जिसे एक कारोबारी मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu