
देवघर. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर अंग्रेजों की तरह पिछले 10 वर्ष में देश के जल, जंगल और जमीन को लूटने का आरोप लगाया. खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धार्मिक आधार पर देश को विभाजित कर रही है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने हमेश से हिंदुओं और मुसलमानों को एकजुट करने का काम किया है.
झारखंड के देवघर में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा, ”ब्रिटिश की तरह, मोदी सरकार ने 10 साल के दौरान देश का जल, जंगल और जमीन लूटा. प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संपत्तियों को अपने अरबपति दोस्तों को सौंप दिया. हमने अंग्रेजों का सामना किया है और हम भाजपा से डरते नहीं हैं.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंदुओं और मुस्लिमों को एकजुट करती है, जबकि मोदी हिंदुओं और मुस्लिमों को बांटते हैं.
कांग्रेस नेता ने लोगों से भाजपा नीत केंद्र सरकार को बाहर का रास्ता दिखाकर संविधान बचाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस आदिवासियों के लिए अलग सरना धार्मिक संहिता लागू करेगी. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा, ”मोदी ने चुनाव से पहले एक आदिवासी मुख्यमंत्री को सलाखों के पीछे भेज दिया. झारखंड के लोग इस अन्याय का बदला लेंगे.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों को न्याय दिलाने के लिए जाति आधारित सर्वेक्षण कराएगी. खरगे कांग्रेस के प्रदीप यादव के लिए प्रचार कर रहे थे जो गोड्डा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. इस सीट के लिए एक जून को मतदान होगा.



