लोकसभा चुनाव: जीजीपी ने छत्तीसगढ़ के लिए 10 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Mar 2024 07:21 PM
लोकसभा चुनाव: जीजीपी ने छत्तीसगढ़ के लिए 10 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) ने मंगलवार को राज्य की 11 लोकसभा सीट में से 10 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. पार्टी पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी. छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को लोकसभा के लिए मतदान होगा तथा मतगणना चार जून को होगी.

पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट में से दस के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. अन्य एक सीट के लिए जल्द ही उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने बताया कि पार्टी ने सरगुजा (एसटी) सीट से डॉ. एलएस उदय, रायगढ़ (एसटी) से मदन गोंड, जांजगीर-चांपा (अनुसूचित जाति आरक्षित) से मनहरण लाल भारद्वाज, कोरबा से श्याम सिंह मरकाम, बिलासपुर से नंदकिशोर राज, राजनांदगांव से नरेश कुमार मोटघरे, दुर्ग से मनहरण सिंह ठाकुर, रायपुर से लालबहादुर यादव, महासमुंद से मोहम्मद फरीद कुरेशी और बस्तर (एसटी) से टीकम नागवंशी को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है.

मरकाम ने बताया कि कांकेर लोकसभा सीट के लिए जल्द ही उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी. जीजीपी ने पिछले साल छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन में लड़ा था तथा राज्य गठन के बाद पहली बार एक सीट पाली तानाखार पर पार्टी को कामयाबी मिली थी. विधानसभा चुनाव में मायावती के नेतृत्व वाली बसपा को कोई सीट नहीं मिली थी. दोनों दलों ने लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा नहीं की है.

राज्य में बसपा दो लोकसभा सीट जांजगीर-चांपा और बस्तर के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. आम चुनाव के पहले चरण में अकेले नक्सल प्रभावित बस्तर निर्वाचन क्षेत्र में 19 अप्रैल को मतदान होगा. इस सीट के लिए 20 मार्च से नामांकन दाखिल की प्रक्रिया शुरू हो गई है. तीन अन्य निर्वाचन क्षेत्रों- कांकेर (एसटी), राजनांदगांव और महासमुंद में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा. जबकि शेष सात लोकसभा सीट- सरगुजा (एसटी), रायगढ़ (एसटी), जांजगीर-चांपा (एससी), रायपुर, दुर्ग, कोरबा और बिलासपुर, में सात मई को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu