लोकसभा चुनाव : झारखंड में राजग नौ और ‘इंडिया’ गठबंधन पांच सीट पर आगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 08:28 PM
लोकसभा चुनाव : झारखंड में राजग नौ और ‘इंडिया’ गठबंधन पांच सीट पर आगे
ऑडियो सुनें

रांची. झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आठ लोकसभा सीट पर एवं उसकी सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंस यूनियन (आजसू) पार्टी एक सीट पर आगे है, जबकि कांग्रेस ने दो एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तीन सीट पर बढ़त बना रखी है. निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं मौजूदा सांसद अर्जुन मुंडा खूंटी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से 1.20 लाख मतों से पीछे हैं.

उन्होंने बताया कि सिंहभूम में झामुमो की जोबा मांझी भाजपा की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी गीता कोड़ा से 89,829 मतों से आगे हैं.
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गई थीं. अधिकारियों ने बताया कि पलामू में पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं भाजपा के मौजूदा सांसद वीडी राम राजद उम्मीदवार ममता भुइयां से 2.26 लाख मतों से आगे हैं. दुमका में भाजपा की सीता सोरेन झामुमो के नलिन सोरेन से 7893 मतों से पीछे हैं. तीन बार झामुमो विधायक रहीं सीता लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुई थीं.

गोड्डा में भाजपा के मौजूदा सांसद निशिकांत दुबे कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी प्रदीप यादव से 56,993 मतों से आगे हैं. जमशेदपुर में भाजपा के विद्युत बरन महतो झामुमो के सुनील कुमार मोहंती से 1.64 लाख मतों से आगे हैं. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी कोडरमा में भाकपा (माले) लिबरेशन के विनोद कुमार सिंह से 1.37 लाख मतों से आगे हैं. हजारीबाग सीट से भाजपा के मनीष जायसवाल कांग्रेस के उम्मीदवार जे पी पटेल पर 1.30 लाख मतों से बढ़त बनाए हुए हैं. राजमहल (सुरक्षित) सीट पर झामुमो के विजय हंसदक भाजपा के ताला मरांडी से 40,881 मतों से आगे हैं.

गिरिडीह में आजसू पार्टी के सीपी चौधरी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो के मथुरा महतो से 66,941 मतों से आगे हैं. गिरिडीड में झारखंड भाषा खतियान संघर्ष समिति के समर्थक आठवें दौर की मतगणना के दौरान अनियमितता का आरोप लगाकर आजसू पार्टी समर्थकों से भिड़ गये. पुलिस ने यह जानकारी दी.

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया एवं आंसू गैस का इस्तेमाल किया.
लोहरदगा में कांग्रेस के सुखदेव भगत भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समीर उरांव से 64,862 मतों से आगे हैं. धनबाद में भाजपा के दुलू महतो कांग्रेस की अनुपमा सिंह से 1.10 लाख मतों से आगे हैं. रांची में भाजपा के संजय सेठ कांग्रेस की यशस्विनी सहाय से 1.03 लाख मतों से आगे हैं.

चतरा लोकसभा सीट पर भाजपा के कालीचरण सिंह कांग्रेस के के.एन. त्रिपाठी से 67425 मतों के अंतर से आगे हैं. झारखंड में 14 लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो गई थी. कुल 244 उम्मीदवार मैदान में हैं. झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने कहा, ”चतरा और कोडरमा में मतगणना के अधिकतम 27-27 दौर होंगे, जबकि खूंटी में 16 दौर होंगे. गांडेय विधानसभा सीट के उपचुनाव में 24 दौर की मतगणना होगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu