अगले WPL को दिवाली विंडो पर आयोजित करने की संभावना पर विचार कर रहे हैं: जय शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 14 Apr 2023 09:55 PM
अगले WPL को दिवाली विंडो पर आयोजित करने की संभावना पर विचार कर रहे हैं: जय शाह
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने शुक्रवार कहा कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) अगले संस्करण से ‘होम-अवे’ प्रारूप में बड़ी ‘विंडो’ के साथ संभवत: दिवाली के दौरान खेली जाएगी. टूर्नामेंट का शुरुआती चरण मुंबई में दो स्थलों में चार से 26 मार्च तक खेला गया था.

शाह ने मीडियार्किमयों के साथ बातचीत के दौरान कहा, ‘‘हम डब्ल्यूपीएल को ‘होम एंड अवे’ प्रारूप में दिवाली विंडो में (साल में दो सत्र में नहीं बल्कि एक अलग टाइम विंडो में) शेड्यूल करने की संभावना पर विचार कर रहे हैं. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘महिला क्रिकेट के पास अब दर्शकों का ‘बेस’ है और यह संख्या केवल बढ़ती रहेगी क्योंकि हम अगले डब्ल्यूपीएल में ज्यादा से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद कर रहे हैं. ’’ शाह ने पहले स्पष्ट कर दिया था कि भारत एशिया कप खेलने के लिए पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि संभावित प्रतिस्थापन स्थल पर अन्य देशों से प्रतिक्रिया मांगी गई है.

शाह ने कहा, ‘‘हम 2023 एशिया कप के आयोजन स्थल को अंतिम रूप देने और भारत-पाकिस्तान मैच पर स्पष्टता के लिए अन्य देशों से प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं. ’’ शाह के नेतृत्व में एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने 2.62 करोड़ अमेरिकी डालर की कमाई की है.
उन्होंने कहा, ‘‘हमने एसीसी के लिए अतिरिक्त राजस्व हासिल करने और आय के नए रास्ते बनाने में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. ’’ विश्व कप के कार्यक्रम पर शाह ने कहा कि टूर्नामेंट से पहले सभी मौजूदा बुनियादी ढांचे को अपग्रेड किया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप से पहले देश में सभी मौजूदा बुनियादी ढांचे को अपग्रेड किया जाएगा. ’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu