
नयी दिल्ली. कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 17 और उम्मीदवार घोषित किए जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर एवं एम एम पल्लम राजू तथा पार्टी की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष वाईएस र्शिमला रेड्डी के नाम शामिल हैं. पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की 11वीं सूची में आंध्र प्रदेश से पांच, बिहार से तीन, ओडिशा से आठ और पश्चिम बंगाल से एक उम्मीदवार का नाम शामिल है.
पार्टी ने बिहार के कटिहार से एक बार फिर अनवर को उम्मीदवार बनाया है. पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार दुलालचंद गोस्वामी ने पराजित किया था. एक बार फिर से उनका मुकाबला गोस्वामी से होगा. कांग्रेस ने बिहार की किशनगंज लोकसभा सीट से अपने मौजूदा सांसद मोहम्मद जावेद को टिकट दिया है. भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक अजीत शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है.
कांग्रेस बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों में से नौ पर चुनाव लड़ रही है; वहीं, 26 सीट पर उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पांच सीट पर वाम दल चुनाव लड़ रहे हैं. बिहार में गठबंधन के तहत कांग्रेस के हिस्से में नौ सीट- किशनगंज, कटिहार, पटना साहिब, भागलपुर, सासाराम, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण और महाराजगंज आई हैं.
पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री पल्लम राजू को आंध्र प्रदेश की काकीनाड़ा लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. र्शिमला रेड्डी को आंध्र प्रदेश के कडप्पा से उम्मीदवार बनाया गया है. ओडिशा के कोरापुट से वर्तमान सांसद सप्तगिरि उलाका को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है. कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की दार्जिलिंग लोकसभा सीट के लिए डॉ मुनीश तमांग को अपना उम्मीदवार घोषित किया. भारतीय गोरखा परिषद (बीजीपी) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तमांग पिछले सप्ताह कांग्रेस में शामिल हुए थे.
पार्टी अब तक कुल 231 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. इससे पहले कांग्रेस ने 10 अलग-अलग सूचियों में 214 उम्मीदवार घोषित किए थे. देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे. इसके बाद छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा. मतगणना चार जून को होगी.
कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 114 और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए 49 उम्मीदवार भी घोषित किए हैं.
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष शरत पटनायक, नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए गए हैं, जबकि पार्टी की अभियान समिति के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास कालाहांडी जिले की नारला सीट से चुनाव लड़ेंगे.
सूची के अनुसार, दास के बेटे सागर चरण को भवानीपटना विधानसभा क्षेत्र से और पूर्व नौकरशाह विजय पटनायक को गजपति जिले की परलाखमुंडी सीट से मैदान में उतारा गया है. कांग्रेस ने राजगांगपुर से अपने मौजूदा विधायक सीएस राजेन एक्का और जयपोर से ताराप्रसाद बाहिनीपति को फिर से उम्मीदवार बनाया है. ओडिशा में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 147 सीट हैं.



