मध्यप्रदेश : नशे में धुत शिक्षक ने लड़की के बाल काटे, आपराधिक मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Sep 2024 09:54 PM
मध्यप्रदेश : नशे में धुत शिक्षक ने लड़की के बाल काटे, आपराधिक मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

रतलाम. मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को बृहस्पतिवार को शिक्षक दिवस के दिन नशे की हालत में एक लड़की के बाल काटने के आरोप में निलंबित कर दिया गया. रतलाम के जिलाधिकारी राजेश बाथम ने कहा कि शिक्षक वीर सिंह मेधा के खिलाफ छात्रा के साथ दुर्व्यवहार के सिलसिले में आपराधिक मामला भी दर्ज किया जाएगा.

मेधा के खिलाफ यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो के बाद की गई, जिसमें उसे जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर सेमलखेड़ी के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्ची के बाल काटते और बाद में एक ग्रामीण से बहस करते हुए देखा गया था.
एक अधिकारी ने बताया कि आदिवासी विभाग की सहायक आयुक्त रंजना सिंह ने मेधा को निलंबित करने का आदेश दिया है.
वायरल वीडियो में शिक्षक को रोती हुई एक छोटी बच्ची के बाल कैंची से काटते हुए देखा जा सकता है. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह लड़की की चीखें सुनकर स्कूल पहुंचा और पाया कि शिक्षक उसके बाल काट रहा है.

जब शिक्षक से पूछताछ की गई तो उसने दावा किया कि स्कूल में बच्चे पढ़ाई नहीं कर रहे हैं. जब ग्रामीण ने उसे लड़की के बाल काटने से मना किया और कहा कि वह उसका वीडियो बना लेगा तो शिक्षक ने कथित तौर पर उससे कहा, ”तुम वीडियो बना सकते हो लेकिन कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा.” व्यापक रूप से साझा किया गया यह वीडियो आखिरकार जिलाधिकारी तक पहुंचा, जिन्होंने जांच के आदेश दिए. अधिकारी ने बताया कि लड़की के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है.
जिलाधिकारी बाथम ने कहा कि मेधा के खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu