मप्र : प्रदर्शन के दौरान दो महिलाओं को बजरी गिराकर दबाया, एक आरोपी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Jul 2024 09:58 PM
मप्र : प्रदर्शन के दौरान दो महिलाओं को बजरी गिराकर दबाया, एक आरोपी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सड़क निर्माण के खिलाफ प्रदर्शन कर रही दो महिलाएं एक ट्रक से उनके ऊपर बजरी गिराये जाने पर आंशिक रूप से दब गईं. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी. उसने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. एक अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. घटना शनिवार को मंगावा थाने के अंतर्गत हिनोता जोरोट गांव में हुई. पुलिस ने पारिवारिक विवाद को इस घटना का कारण बताया है. सोशल मीडिया पर सामने आए इस घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि दो महिलाएं बजरी लदे एक ट्रक के पीछे बैठी हैं, जिसे ट्रक उन पर गिरा देता है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विवेक लाल ने बताया कि ममता पांडे और आशा पांडे नामक महिलाएं सड़क निर्माण के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थीं और वे बजरी के नीचे आंशिक रूप से दब गईं. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. एडीजी (कानून व्यवस्था) जयदीप प्रसाद ने बताया कि यह घटना एक परिवार के भीतर विवाद के कारण हुई.

प्रसाद के मुताबिक, शिकायतकर्ता आशा पांडे ने बताया कि विवाद उनके रिश्तेदार गोकरण पांडे के साथ संयुक्त स्वामित्व वाली जमीन के एक टुकड़े से जुड़ा था और जब उस जमीन पर सड़क बनाई जा रही थी तो उन्होंने अपनी एक रिश्तेदार के साथ मिलकर इसका विरोध किया. प्रसाद के मुताबिक, आशा ने पुलिस को बताया कि ट्रक चालक ने उन पर बजरी गिरा दी और बाद में ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला. पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu