मुंबई/नयी दिल्ली. महाराष्ट्र साइबर प्रकोष्ठ के साइबर एवं सूचना सुरक्षा प्रभाग ने कॉमेडियन समय रैना के आनलाइन बयान दर्ज कराने के अनुरोध को खारिज कर दिया और 18 फरवरी को पेश होने के लिये कहा है. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया और अन्य के खिलाफ दर्ज मामले की जांच एजेंसी कर रही है. इलाहाबादिया ने समय रैना के वेब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में माता-पिता और सेक्स को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया था.
अधिकारी ने बताया कि अमेरिका में अपने शो के लिए मौजूद समय रैना ने महाराष्ट्र साइबर प्रकोष्ठ से अनुरोध किया था कि उसका बयान वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए दर्ज किया जाए, लेकिन एजेंसी ने इसे अस्वीकार कर दिया. उन्होंने बताया कि रैना को 18 फरवरी को एजेंसी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है. इससे पहले, मुंबई पुलिस ने भी रैना को 17 फरवरी से पहले पूछताछ के लिए खार पुलिस थाने में पेश होने के लिए कहा था और रैना ने विदेश में अपने शो के बारे में जानकारी दी थी.
मुंबई पुलिस ने इलाहाबादिया के निवास पर बयान दर्ज करने के अनुरोध को भी खारिज कर दिया था और उसे व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा था. मुंबई और असम पुलिस के साथ-साथ महाराष्ट्र साइबर विभाग को भी इलाहाबादिया का बयान दर्ज करना है. रणवीर इलाहाबादिया यूट्यूब पर अपने ‘बीयरबाइसेप्स’ चैनल के लिए लोकप्रिय हैं.
प्रकोष्ठ ने इस मामले में कम से कम 50 लोगों को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है. इनमें शो से जुड़े लोग भी शामिल हैं.
अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच कर रही असम पुलिस की एक टीम रविवार को आरोपियों के घर पर नोटिस देने के बाद वापस लौट गई.
उन्होंने कहा कि असम पुलिस ने सभी आरोपियों को गुवाहाटी में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा है. अधिकारी के अनुसार, कई आरोपी अपने बयान दर्ज कराने के लिए उपलब्ध नहीं थे जिसके बाद असम पुलिस की टीम ने उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 35 (3) के तहत नोटिस जारी किया. उन्होंने बताया कि अगर आरोपी गुवाहाटी में पेश नहीं होते हैं तो असम पुलिस की टीम आगे की कार्रवाई के लिए दोबारा मुंबई आ सकती है.
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने रणवीर इलाहाबादिया को 24 फरवरी को पूछताछ के लिए तलब किया
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो विवाद के संबंध में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को 24 फरवरी को अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने कहा, ”इससे पहले साइबर अधिकारियों ने इलाहाबादिया को पुलिस के सामने पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं आया. अब पुलिस ने उसे जांच में शामिल होने के लिए 24 फरवरी को फिर से तलब किया है.” महाराष्ट्र साइबर पुलिस माता-पिता और यौन संबंधों को लेकर रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए दर्ज मामले की जांच कर रही है. इलाहाबादिया ने यह विवादित टिप्पणी समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में की थी.
‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के यूट्यूबर्स के पेश नहीं होने पर एनसीडब्ल्यू ने सुनवाई की अगली तारीख दी
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो के यूट्यूबर्स द्वारा उनके शो पर की गई ”अपमानजनक और अश्लील” टिप्पणियों के संबंध में समन के जवाब में पेश होने में विफल रहने के बाद सुनवाई की नई तारीख जारी की हैं. आयोग ने कंटेंट क्रिएटर्स और र्चिचत यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना, अपूर्वा मुखीजा, जसप्रीत सिंह, आशीष चंचलानी, तुषार पुजारी, सौरभ बोथरा और बलराज घई को 17 फरवरी को दोपहर 12 बजे पेश होने के लिए समन जारी किया था.
आयोग के अधिकारियों ने बताया कि व्यक्तिगत सुरक्षा, यात्रा संबंधी प्रतिबद्धताओं और अन्य लॉजिस्टिक समस्याओं का हवाला देते हुए कई लोग व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके. इलाहाबादिया ने जान से मारने की धमकियों का हवाला देते हुए समन की तारीख को तीन सप्ताह के बाद निर्धारित करने का अनुरोध किया. आयोग ने उनकी सुनवाई को छह मार्च 2025 को पुर्निनर्धारित कर दिया है.
मुखीजा ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुनवाई में शामिल होने का अनुरोध किया और उनकी सुनवाई भी छह मार्च को पुर्निनर्धारित की गई. रैना ने आयोग को अमेरिका से वापसी के बाद उपलब्ध होने का आश्वासन दिया जिसके बाद उनकी सुनवाई 11 मार्च 2025 के लिए निर्धारित की गई. सिंह पेरिस में है और 10 मार्च तक भारत लौटेंगे. उनकी सुनवाई भी 11 मार्च को तय की गई है.
प्राथमिकियों के खिलाफ इलाहाबादिया की याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करेगा उच्चतम न्यायालय
यूट्यूब पर एक शो के दौरान कथित रूप से अभद्र टिप्पणियों को लेकर दर्ज प्राथमिकियों के खिलाफ रणवीर इलाहाबादिया की याचिका पर मंगलवार को उच्चतम न्यायालय में सुनवाई होगी. न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ इस मामले पर सुनवाई कर सकती है. शुक्रवार को इलाहाबादिया के वकील अभिनव चंद्रचूड़ ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने का उल्लेख किया था.
जब चंद्रचूड़ ने कहा कि असम पुलिस ने इलाहाबादिया को दिन में जांच में शामिल होने के लिए बुलाया है तो प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना ने कहा, ”मैंने पीठ निर्धारित कर दी है और यह मामला दो-तीन दिनों में (पीठ के समक्ष) आएगा.” हास्य कलाकार समय रैना के यूट्यूब शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ पर माता-पिता और यौन संबंधों पर पॉडकास्टर इलाहाबादिया की टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया और देश के विभिन्न हिस्सों में उनके और अन्य के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज कराई गईं. इलाहाबादिया और रैना के अलावा, असम में दर्ज मामले में आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्वा मखीजा के नाम भी हैं.