मलेशिया मास्टर्स: सिंधू, प्रणय दूसरे दौर में , साइना बाहर

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 06 Jul 2022 06:28 PM
मलेशिया मास्टर्स: सिंधू, प्रणय दूसरे दौर में , साइना बाहर
ऑडियो सुनें

कुआलालंपुर. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बुधवार को यहां मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर के कड़े मुकाबले में चीन की ही बिंग जियाओ को हराकर महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया लेकिन साइना नेहवाल लगातार दूसरे टूर्नामेंट में पहले दौर में हारकर बाहर हो गईं. सातवीं वरीय सिंधू ने लगभग एक घंटा चले मुकाबले में बिंग जियाओ को 21-13 17-21 21-15 से हराया और दूसरे दौर में जगह बनाई.

इस जीत के साथ दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने पिछले महीने इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर में बिंग जियाओ के खिलाफ पहले दौर में सीधे गेम में मिली हार का बदला चुकता कर दिया. चीन की खिलाड़ी का हालांकि अब भी सिंधू के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 10-9 है.

दूसरी तरफ लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना को पहला गेम जीतने के बावजूद दक्षिण कोरिया की किम गा युन के खिलाफ 21-16 17-21 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी. दुनिया की 24वें नंबर की खिलाड़ी साइना पिछले हफ्ते मलेशिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के भी पहले दौर में हारकर बाहर हो गई थी. पुरुष एकल में एच एस प्रणय भी दूसरे दौर में पहुंच गए जबकि बी साई प्रणीत और पारूपल्ली कश्यप भी विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करने दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे.

प्रणय ने फ्रांस के ब्राइस लीवरडेज को 21 . 19, 21 . 14 से हराया . वहीं प्रणीत ने एकतरफा मुकाबले में आधे घंटे से कम समय में गुआटेमाला के केविन कोर्डन को 21-8 21-9 से हराया जबकि कश्यप ने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए स्थानीय दावेदार टॉमी सुगियार्तो को 16-21 21-16 21-16 से शिकस्त दी. प्रणीत का सामना अब लि शि फेंग से होगा . समीर वर्मा को हालांकि कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे के चौथे वरीय चाउ टिएन चेन के खिलाफ 21-10 12-21 14-21 से हार झेलनी पड़ी. महिला युगल में एन सिक्की रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा को इंडोनेशिया की फेबरियाना कुसुमा और अमालिया प्रातिवि ने 21 . 19, 18 . 21, 21 . 16 से हराया .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav