मालदीव : जम्हूरी पार्टी ने राष्ट्रपति मुइज्जू से भारत से माफी मांगने को कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Jan 2024 09:13 PM
मालदीव : जम्हूरी पार्टी ने राष्ट्रपति मुइज्जू से भारत से माफी मांगने को कहा
ऑडियो सुनें

माले. मालदीव में जम्हूरी पार्टी के नेता जसीम इब्राहिम ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से औपचारिक रूप से माफी मांगने और द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए ”राजनयिक सुलह” करने का अनुरोध किया है. इब्राहिम की यह मांग चीन समर्थक माने जाने वाले मुइज्जू की उन टिप्पणियों के संदर्भ में की गयी है जिसमें इस महीने की शुरुआत में उन्होंने किसी देश का नाम लिए बगैर भारत को धमकाने वाला देश बताया था.

राष्ट्रपति मुइज्जू ने मालदीव के तीन मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर भारत के साथ राजनयिक विवाद के बीच 13 जनवरी को चीन की पांच दिवसीय हाई-प्रोफाइल यात्रा के बाद स्वदेश लौटने पर कहा था, ”हम छोटे (देश) हो सकते हैं लेकिन इससे उन्हें हमें धमकाने का लाइसेंस नहीं मिल जाता.” जम्हूरी पार्टी ने यह मांग तब की है जब एक दिन पहले ही विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) ने सोमवार को कहा कि उसकी मुइज्जू पर महाभियोग चलाने के लिए एक प्रस्ताव रखने की तैयारी है.

मुइज्जू (45) ने पिछले साल सितंबर में राष्ट्रपति चुनाव में भारत से अच्छे संबंध रखने वाले निवर्तमान राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह को हरा दिया था. ‘वॉयस ऑफ मालदीव’ पोर्टल के अनुसार, जसीम ने जम्हूरी पार्टी (जेपी) की एक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति मुइज्जू से हाल में एक साक्षात्कार के दौरान की गयी विवादित टिप्पणियों के लिए भारत और प्रधानमंत्री मोदी से औपचारिक रूप से माफी मांगने को कहा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu