ममता बनर्जी चोटिल, अस्पताल में भर्ती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Mar 2024 10:05 PM
ममता बनर्जी चोटिल, अस्पताल में भर्ती
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के माथे पर बृहस्पतिवार शाम चोट लग गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने यह जानकारी दी. ममता बनर्जी (69) के परिवार ने कहा कि वह एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित अपने घर पहुंची थीं. घर में वह गिर गईं. तृणमूल कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ”हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी को बड़ी चोट लगी है. कृपया उनके लिए प्रार्थना करें.” पार्टी ने बनर्जी के माथे से खून बहने की तस्वीरों को पोस्ट किया है.

टीएमसी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया.
ममता के भाई कार्तिक बनर्जी ने एक बांग्ला समाचार चैनल को बताया, ”वह घर के अंदर गिर गईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. उनके माथे से खून बह रहा था और टांके लगाने पड़े.”

सूत्रों के मुताबिक, बनर्जी को कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल के वुडबर्न वार्ड में भर्ती कराया गया. अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ डॉक्टरों की एक टीम मुख्यमंत्री का उपचार कर रही है. टीएमसी के वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर राय के अनुसार, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. धनखड़ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रह चुके हैं.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बनर्जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं.” प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने भी बनर्जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu