राहुल, खरगे, पवार, अखिलेश समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के कई नेता ‘आप’ की रैली में शामिल होंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Mar 2024 09:56 PM
राहुल, खरगे, पवार, अखिलेश समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के कई नेता ‘आप’ की रैली में शामिल होंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के कई नेता यहां रामलीला मैदान में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा आयोजित की जाने वाली ‘महारैली’ में शामिल होंगे. ‘आप’ के वरिष्ठ नेता नेता गोपाल राय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में रविवार को रामलीला मैदान में 20,000 से अधिक लोगों की मौजूदगी वाली रैली आयोजित करने के लिए प्रशासन की अनुमति मिल गई है. राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ‘महारैली’ को संबोधित करेंगी या नहीं, इस पर फैसला बाद में किया जाएगा. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन, द्रमुक नेता तिरुचि शिवा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला और झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी रैली में शामिल होंगे.

आप नेता ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी रैली में शामिल होंगी. हेमंत सोरेन फिलहाल जेल में हैं. पार्टी नेताओं ने कहा कि वे पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के भी संपर्क में हैं, जो रैली में शामिल हो सकती हैं. आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, वे रविवार को रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं, ताकि लोकसभा चुनावों के लिए सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया जा सके. राय ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने दिल्ली भर में विरोध प्रदर्शन किए हैं.

आम आदमी पार्टी ने लोगों को रैली में आने के लिए प्रेरित करने के लिए त्रिस्तरीय योजना बनाई है. पहले विधानसभा स्तर पर बैठकें हुईं, फिर सभी 2600 मतदान केंद्रों के स्तर पर और अब घर-घर अभियान शुरू किया गया है. राय ने कहा, ”हम घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र बांट रहे हैं और लोगों से रामलीला मैदान में आने और लोकतंत्र पर हमले और तानाशाही के खिलाफ शांतिपूर्वक आवाज उठाने का आग्रह कर रहे हैं.” राय ने दावा किया कि जब से केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री ने दिल्ली के लोकप्रिय निर्वाचित मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया है, तब से लोगों में बहुत गुस्सा है.

उन्होंने कहा कि रैली में हर वर्ग और पेशे के लोगों, छात्रों, युवाओं और आरडब्ल्यूए के सदस्यों के आने की उम्मीद है. केजरीवाल को ईडी ने धनशोधन मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था और बृहस्पतिवार को एक अदालत ने ईडी की उनकी हिरासत एक अप्रैल तक बढ़ा दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu