‘होमबाउंड’ में मार्टिन स्कॉर्सेसे का होना हमारी फिल्म को ऊंचाइयों पर ले जाएगा: करण जौहर

मुंबई. फिल्म निर्माता करण जौहर ने कहा कि उनकी अगली फिल्म ‘होमबाउंड’ प्रतिभा, दूरदृष्टि और कहानी कहने की कला का मिश्रण है. निर्देशक नीरज घायवान ने ‘होमबाउंड’ का निर्देशन किया है और हॉलीवुड दिग्गज मार्टिन स्कॉर्सेसे कार्यकारी निर्माता के रूप में इस फिल्म से जुड़े हैं. पिछले महीने कान फिल्म महोत्सव की ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ श्रेणी में ‘होमबाउंड’ का प्रीमियर हुआ था. ‘मसान’ के बाद घायवान द्वारा निर्देशित यह दूसरी फिल्म है. वर्ष 2015 में आई ‘मसान’ का भी कान की इसी श्रेणी में प्रीमियर हुआ था और इस फिल्म ने दो पुरस्कार जीते थे. जौहर ने कहा कि कार्यकारी निर्माता के रूप में स्कॉर्सेसे की उपस्थिति ने इस फिल्म को ‘असाधारण कलात्मक ऊंचाई’ पर पहुंचा दिया है.

जौहर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “होमबाउंड’ प्रतिभा, दूरर्दिशता और कहानी कहने का एक बेहतरीन संगम है. सिनेमा के सच्चे दिग्गज मार्टिन स्कॉर्सेसे ने नीरज की उल्लेखनीय दृष्टि को अपना ज्ञान और समर्थन दिया है, जिससे हमारी फिल्म कलात्मक ऊंचाई पर पहुंच गई है. नीरज घायवान आज भी भारतीय सिनेमा में सबसे प्रामाणिक और व्यावहारिक आवाजों में से एक हैं और हमें इस यात्रा में उनकी मदद करने पर बेहद गर्व है.” ‘होमबाउंड’ में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं.
‘होमबाउंड’ उत्तर भारत के एक छोटे से गांव में रहने वाले दो बचपन के दोस्तों की कहानी है, जो पुलिस की नौकरी पाना चाहते हैं क्योंकि इस नौकरी से उन्हें वह सम्मान मिलेगा, जो उन्हें लंबे समय से नहीं मिला है. लेकिन जैसे-जैसे वे अपने सपने के करीब पहुंचते हैं, बढ़ती हताशा उनकी दोस्ती के लिए खतरा बन जाती है.

स्कॉर्सेसे ने कार्यकारी निर्माता के रूप में ‘होमबाउंड’ में शामिल होने के दौरान कहा था कि उन्हें घायवान की फिल्म ‘मसान’ बहुत पसंद आई थी. फिल्म निर्माता ने कहा, “जब मेलिटा टोस्कन डू प्लांटियर ने मुझे घायवान की दूसरी फिल्म भेजी, तो मैं बेहद उत्सुक था. मुझे कहानी पसंद आई और मैं मदद करने के लिए तैयार था. नीरज ने एक खूबसूरती से तैयार की गई फिल्म बनाई है, जो भारतीय सिनेमा में एक महत्वपूर्ण योगदान है.” स्कॉर्सेसे को ‘टैक्सी ड्राइवर’, ‘रेजिंग बुल’, ‘गुडफेलास’ और ‘द डिपार्टेड’ जैसी प्रसिद्ध फिल्मों के लिए जाना जाता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button