मेरठ के योग गुरु ने दांतों से 125 किलो वजन उठाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Feb 2025 08:50 PM
मेरठ के योग गुरु ने दांतों से 125 किलो वजन उठाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
ऑडियो सुनें

मेरठ. मेरठ के करनावल कस्बे के योग गुरु विकास स्वामी ने दावा किया कि उन्होंने अपने दो बेटों अनमोल स्वामी (16) और आदित्य स्वामी (10) के साथ इटली के मिलान में आयोजित ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ प्रतियोगिता में अपने दांतों से 125 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया है. स्वामी ने कहा कि उन्हें आयोजकों द्वारा ही प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था.
उन्होंने कहा कि यह केवल उनकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि हमारे क्षेत्र और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है.

स्वामी की उपलब्धि की खबर फैलते ही उनके गांव में जश्न का माहौल है. हालांकि, रविवार को घर लौटने पर विकास स्वामी ने सरकार और निर्वाचित प्रतिनिधियों से सरहाना न मिलने पर निराशा व्यक्त की. उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”सरकार ने अभी तक हमें कोई सहायता नहीं दी है. अन्य खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और सरकारी नौकरी भी मिलती है, लेकिन हमें एक पैसा भी नहीं मिला. मंत्रियों की बात तो दूर, सांसदों और विधायकों ने भी हमारी उपलब्धि को नहीं सराहा. केवल हमारे गांव के लोगों ने ही हमें चार से पांच बार सम्मानित किया है.”

प्रतियोगिता के बारे में बताते हुए स्वामी ने कहा, ”यह रिकॉर्ड तोड़ना बेहद मुश्किल था. हमारे लिए निर्धारित समयसीमा एक बड़ी चुनौती थी. पहले प्रयास में हम केवल 25 सेकंड तक ही वजन पकड़ पाए लेकिन दूसरे प्रयास में हम इसे 35.57 सेकंड तक पकड़ पाए. अपने शुभचिंतकों की प्रार्थना और आशीर्वाद की बदौलत हम ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज कराने में सफल रहे.” उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके दोनों बेटों को उपलब्धि के लिए प्रमाणपत्र मिले हैं. स्वामी ने 2023 में मुंबई में ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ में भाग लेने के दौरान अपनी पिछली उपलब्धि को याद किया.

स्वामी ने बताया, ”उस समय, हमने अपने दांतों से 80 किलोग्राम वजन उठाया था, इसे पांच सेकंड के लिए जमीन से दो इंच ऊपर उठाया था. यह देखकर प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल दंग रह गए थे. हमारा नाम तब भी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था.” उन्होंने यह भी बताया कि उनके छोटे बेटे ने अपने दांतों से 61 किलोग्राम वजन उठाया है, जबकि उनके बड़े बेटे ने 105 किलोग्राम वजन उठाया.

अपनी असाधारण क्षमता के पीछे की तरीकों के बारे में पूछे जाने पर स्वामी ने कहा, ”हां, हम कुछ खास इस्तेमाल करते हैं, लेकिन मैं इसका खुलासा नहीं करूंगा. अभी तक, मैंने किसी भी मंच या मीडिया के सामने इसका खुलासा नहीं किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu