पशुधन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की वजह से प्रदेश में बढ़ा दूध उत्पादन : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Sep 2023 07:19 PM
पशुधन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं की वजह से प्रदेश में बढ़ा दूध उत्पादन : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
ऑडियो सुनें

रायपुर. कृषि के साथ ही पशुधन को बढ़ावा देने की शासन की नीतियों की वजह से प्रदेश में दूध उत्पादन तेजी से बढ़ा है. पशुपालन को बढ़ावा देने से खेती किसानी की तरक्की होती है और किसानों की तरक्की पर ही व्यापार-व्यवसाय की तरक्की निर्भर है. छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास की नवाचारी योजनाओं और इनके क्रियान्वयन से आर्थिक विकास का बेहतर माहौल तैयार हुआ है. यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला मुख्यालय दुर्ग के पुराना बस स्टैंड में कोसरिया यादव महासभा द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा कार्यक्रम में कही. कार्यक्रम में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाज के सदस्यों को जनमाष्टमी की बधाई दी.

उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण यादव समाज के आराध्य हैं. समाज द्वारा आज श्रीकृष्ण जनमाष्टमी के अवसर पर सुंदर शोभायात्रा का आयोजन किया गया है. भगवान कृष्ण के विभिन्न रूपों में हम दर्शन करते हैं. उनसे प्रेरणा ग्रहण करते हैं. छत्तीसगढ़ में हमारा उद्देश्य सभी समाजों को बढ़ावा देना है. प्रदेश के निर्माण में सभी समाजों की भागीदारी हो. सभी समाज अपने रचनात्मक कार्यों से प्रदेश को आगे बढ़ाने में हिस्सा दें इसके लिए हमने विभिन्न समाजों को बाजार भाव से काफी कम दाम पर माँग अनुरूप भूमि उपलब्ध कराने का निश्चय किया. इसका लाभ बहुत से समाजों ने उठाया है.

समाजों द्वारा इस तरह भूमि क्रय कर लेने पर उन्हें भवन बनाने यथासंभव राशि भी प्रदान की गई है. इससे सामाजिकजनों को काफी लाभ हुआ है. शादी-ब्याह तथा अन्य आयोजनों में इन समाजों को सस्ते दरों में भवन मिल पा रहा है. रचनात्मक आयोजनों के लिए समाज को बेहतर जगह मिल पा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज की ओर से भी ऐसी माँग आई है. वे कलेक्ट्रेट में इसके लिए आवेदन कर लें. जमीन मिलने पर भवन के लिए सरकार द्वारा राशि उपलब्ध करा दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि सरकार द्वारा रोजगार सृजन के लिए भी बड़े पैमाने पर कार्य किये गये हैं. सरकारी सेवाओं में नियुक्तियों के साथ ही कौशल विकास पर भी हमारा जोर रहा है. रीपा आदि के माध्यम से उद्यमशील युवाओं के लिए उद्यम के अवसर पैदा हुए हैं.

मुख्यमंत्री बघेल ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शोभा यात्रा में शामिल लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी. कोसरिया यादव समाज दुर्ग के अध्यक्ष बोधन यादव ने स्वागत भाषण में समाज की विभिन्न मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया.
कार्यक्रम में दुर्ग विधायक अरुण वोरा, भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, भिलाई महापौर नीरज पाल, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा और जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू एवं कोसरिया यादव समाज के अन्य पदाधिकारी तथा समाज के सदस्य उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu