मोदी भारत और दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए ‘सबसे अच्छे नेता’ हैं : अमेरिकी गायिका मैरी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 19 Jan 2024 12:18 PM
मोदी भारत और दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए ‘सबसे अच्छे नेता’ हैं : अमेरिकी गायिका मैरी
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन: प्रतिष्ठित अफ्रीकी-अमेरिकी हॉलीवुड अभिनेत्री और गायिका मैरी मिलबेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत और दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए ‘‘सबसे अच्छे नेता’’ हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में कई लोग उन्हें फिर से निर्वाचित होते देखना चाहते हैं ताकि दोनों देशों के बीच संबंधों को और अधिक स्तर तक मजबूत किया जा सके।

मिलबेन (41) ने यह भी कहा कि वह मानती हैं कि ‘‘प्रधानमंत्री मई में जीत की राह पर हैं।’’ मशहूर अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘मैं आपको विश्वास के साथ बता सकती हूं कि यहां अमेरिका में प्रधानमंत्री के लिए अच्छा खासा समर्थन है। मैं मानती हूं कि कई लोग उन्हें फिर से निर्वाचित होते देखना चाहते हैं क्योंकि वह भारत के लिए सबसे अच्छे नेता है।’’

उन्होंने कहा कि भारत में उनके काफी प्रशंसक हैं, खासतौर से राष्ट्रगान ‘‘जन गण मन’’ और मशहूर ंिहदी गीत ‘‘ओम जय जगदीश हरे’’ गाने के बाद। मिलबेन ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह चुनावी मौसम अमेरिका, भारत और दुनिया के लिए सबसे महत्वपूर्ण चुनावी मौसम होने जा रहा है।

इसलिए हमारे ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। इसमें कोई छिपी बात नहीं है…पूरा भारत जानता हैं कि मैं प्रधानमंत्री की बड़ी समर्थक हूं। और मुझे लगता है कि वह भारत के लिए और भारत-अमेरिका संबंध के लिए उत्कृष्ट नेता हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को न केवल इस क्षेत्र में बल्कि पूरी दुनिया में असली आर्थिक शक्ति बनाने के लिए असाधारण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रौद्योगिकी में प्रगति की उनकी नीतियों ने निश्चित रूप से महिलाओं को नेतृत्व में बढ़ावा दिया है। जाहिर है कि कई मायनों में उनकी वजह से ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनीं और उनके प्रयासों से ही मंत्रिमंडल में अधिक महिलाएं शामिल हुईं।’’ इससे पहले, मिलबेन ने अफ्रीकी संघ को जी20 का पूर्ण सदस्य बनाने के प्रस्ताव के लिए भी मोदी की प्रशंसा की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav