मोदी ने न केवल आर्थिक सुधार किये, बल्कि राजा राममोहन राय की तरह समाज सुधार भी किया: भाजपा

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल आर्थिक सुधार किये हैं, बल्कि ‘तीन तलाक’ की प्रथा के खिलाफ कानून लाकर समाज सुधार भी किया है. वर्ष 2024-25 के लिए बजट पर लोकसभा में सामान्य चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा सांसद विप्लव कुमार देव ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वच्छता अभियान केवल सड़कों की साफ-सफाई का अभियान नहीं है, बल्कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त किया है और करते रहेंगे.

उन्होंने केंद्रीय बजट में कई राज्यों के साथ ‘भेदभाव’ से जुड़े विपक्ष के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि इसमें सभी प्रदेशों और वर्गों का ध्यान रखा गया है तथा जनता के लिए आज भी ‘मोदी की गारंटी’ कायम है. देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में न केवल पारदर्शी आर्थिक व्यवस्था लागू की गई है, बल्कि उन्होंने समाज सुधारक की भी भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि ‘तीन तलाक’ की प्रथा के खिलाफ कानून के जरिये मोदी ने बड़ा सामाजिक परिवर्तन लाया है और उन्होंने एक समाज सुधारक की भूमिका निभाई है.

देव ने कहा, ”स्वामी दयानंद सरस्वती को कुरीतियों के खिलाफ सुधार के लिए समाज सुधारक के तौर पर जाना जाता है. ईश्वर चंद्र विद्यासागर को विधवा विवाह के लिए समाज सुधारक के रूप में जाना जाता है. राजा राममोहन राय को सती प्रथा समाप्त करने के लिए समाज सुधारक के रूप में जाना जाता है. (ठीक उसी तरह) प्रधानमंत्री ने आर्थिक सुधार के साथ-साथ समाज सुधारक के रूप में भी काम किया. उन्होंने तीन तलाक खत्म करके समाज को सुधारा.” उन्होंने कहा, ”…इसलिए प्रधानमंत्री ने न केवल आर्थिक सुधार किया, बल्कि समाज सुधारक के रूप में कार्य करके इस देश के समाज को सुरक्षित रास्ता दिखाया.” देव ने मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के इस अभियान के कारण देश के लोगों का स्वभाव बदला है.

देव ने कहा कि पहले लोग जहां मर्जी गंदगी फैलाते थे, लेकिन नरेन्द्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के कारण अब मानसिकता बदल गयी है और अब इसमें सुधार हुआ है. उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत (अभियान) के तहत केवल साफ-सफाई नहीं हुई, बल्कि इसके माध्यम से भ्रष्टाचार को खत्म किया गया है और आगे भी किया जाता रहेगा.

भाजपा सांसद ने विपक्ष, विशेषकार कांग्रेस, पर पलटवार करते हुए कहा कि जो कांग्रेस तीन आम चुनावों में भी कुल मिलाकर 240 (भाजपा की इस बार सीट संख्या) का आंकड़ा नहीं छू पाई वह राजग के ‘400 पार’ का लक्ष्य न पाने को लेकर बेचैन है. उन्होंने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार 2047 तक रहेगी और जनता इसे ‘400 पार’ भी पहुंचाएगी. त्रिपुरा पश्चिम से लोकसभा सदस्य ने कहा कि इस बार एक ऐसा बजट पेश किया गया है, जिसमें राज्यों को कुल 4.82 लाख करोड़ रुपये ज्यादा मिलेंगे.

उन्होंने कहा कि हो सकता है कि बिहार और आंध्र प्रदेश कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण नहीं हो, ”हमारे लिए ये दोनों और सभी राज्य महत्वपूर्ण हैं.” देव के अनुसार, 2013-14 में बजट का आकार 16 लाख करोड़ रुपये का था और आज वह 48 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है.

उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा बजट आया है जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और इसमें ”मोदी की गारंटी” है. विपक्षी सदस्यों की टोका-टोकी के बीच देव ने कहा, ”यह गारंटी अभी भी है.” उन्होंने कहा, ”ऐसा नहीं है कि देश में नौकरियों की कमी है या आज पारर्दिशता और कौशल की कमी है…अब छोटे शहरों के शिक्षण संस्थानों में कैम्पस प्लेसमेंट होगा.” उनका कहना था कि किसानों के लिए 1.52 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और इसमें उर्वरक पर सब्सिडी अतिरिक्त है. देव ने कहा कि मोदी सरकार में अब तक 14 लाख करोड़ रुपये न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में दिया गया है.

उन्होंने कहा, ”भारत आज दुग्ध उत्पादन में नंबर एक है. अगर इस सरकार में काम नहीं हुआ तो यह कैसे होता. कांग्रेस की सरकार के समय तो ऐसा नहीं था.” देव ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन के हर पड़ाव पर लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा, ”जन्म के समय मोदी जी हैं, खाना पकाते समय भी मोदी जी हैं, हवाई पर चलते समय भी मोदी जी हैं.” उनका कहना था कि आज प्रधानमंत्री मोदी की वजह से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर मध्यम वर्ग में पहुंच गए हैं.

उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री रहते और सोनिया गांधी के संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन प्रमुख रहते महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं हुआ, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक पारित हुआ.

उन्होंने मणिपुर को लेकर विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की पूर्ववर्ती सरकार के मुखिया (मनमोहन सिंह) असम से राज्यसभा के सदस्य थे, लेकिन वह पूर्वोत्तर की यात्रा नहीं कर सके, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने तो 90 बार पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा की है और मंत्रियों की उस क्षेत्र की कुल यात्राएं कम से कम 700 हो गयी हैं. संविधान को बदलने के विपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए देव ने पूछा कि आखिर 1975 में आपातकाल किसने लगाया था और क्यों लगाया था. उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद है कि आपातकाल लगाने वाले लोग संविधान हाथ में लेकर चलते हैं और संविधान बचाने की बात करते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button