भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई ‘नौटंकी’, डर से भ्रष्टाचारी होते हैं भाजपा में शामिल: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Nov 2023 08:55 PM
भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई ‘नौटंकी’, डर से भ्रष्टाचारी होते हैं भाजपा में शामिल: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

चंडीगढ. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को ‘नौटंकी’ करार दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिन पर गलत कार्य करने का आरोप लगाती है, उन्हें पार्टी में शामिल होने पर मंत्री पद से सम्मानित करती है.

हरियाणा के रोहतक में पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर किसी ने ‘बड़ा पाप या अपराध’ किया है और वह भाजपा में शामिल हो जाता है, तो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या आयकर विभाग के अधिकारी कभी उसे छूने की हिम्मत नहीं करेंगे.

‘आप’ नेता ने कहा, ”कौन भ्रष्ट है? भ्रष्ट वे नहीं हैं, जिन्हें ईडी ने पकड़ा है और सलाखों के पीछे भेजा है. भ्रष्ट वे हैं, जो ईडी के डर से भाजपा में शामिल हो गए. जिन्हें ईडी ने पकड़ा है, लेकिन भाजपा में शामिल नहीं हुए, वे कट्टर ईमानदार हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि आज नहीं तो कल वे बाहर आ जाएंगे.”

केजरीवाल ने कहा, ”लेकिन जो बेइमानी में संलिप्त हैं, वे जानते हैं कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया गया तो पूरी जिंदगी जेल में बितानी होगी, इसलिए (वे) तुरंत भाजपा में शामिल हो जाते हैं. इसलिए समझिए कि कौन भ्रष्ट है और कौन ईमानदार.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि वह भ्रष्टाचार और भ्रष्ट के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अगर यह सच है तो केजरीवाल पहला व्यक्ति होगा जो आपका समर्थन करेगा.

‘आप’ नेता ने किसी का नाम लिये बिना कहा कि मोदी ने राज्य का दौरा किया था और कुछ नेताओं का नाम लेकर कहा था कि वे भ्रष्ट हैं और उन्हें जेल भेजा जाएगा. कुछ दिन बाद उन नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया. उन्होंने सवाल किया, ”क्या यह आपकी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई है? यह नौटंकी है.” ईडी ने हाल में केजरीवाल को कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में पूछताछ और धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था.

केजरीवाल गत बृहस्पतिवार को ईडी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए और केंद्रीय एजेंसी से उन्हें भेजे गए समन को यह कहते हुए वापस लेने को कहा कि यह ”अस्पष्ट, दुर्भावना से प्रेरित और कानून के समक्ष नहीं टिकने वाला” है. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता प्रधानमंत्री के मित्र को लेकर चर्चा कर रही है, जो वास्तव में देश चला रहे हैं.

उन्होंने कहा, ”कहा जाता है कि प्रधानमंत्री केवल उस मित्र के लिए काम कर रहे हैं और यह भी कहा जाता है कि वह मित्र देश चला रहा है न कि प्रधानमंत्री. उनके कार्यालय द्वारा कानून बनाए एवं पारित किए जाते हैं और यह वह व्यक्ति है जो फैसले लेता है. यह खतरनाक स्थिति है.” ‘आप’ के ग्राम और वार्ड स्तर के पदाधिकारियों के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा, ”वे कहते हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे, मैं आप से कहना चाहता हूं कि आप मुझे गिरफ्तार कर सकते हैं, लेकिन आप मेरी आवाज दबा नहीं सकते.”

केजरीवाल ने कहा, ”वे कहते हैं कि मैं मोदी जी के खिलाफ बहुत बोलता हूं. मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि मैं आपका समर्थन करूंगा, पूरी ‘आप’ आपका समर्थन करेगी अगर आप इस देश के 140 करोड़ लोगों के लिए काम करना शुरू कर देंगे, न कि केवल एक मित्र के लिए.” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन लोगों की सूची बनाती है जो प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलते हैं और इसके बाद सीबीआई एवं अन्य एजेंजियों को ‘फर्जी’ मामलों में उन्हें निशाना बनाने का निर्देश दिया जाता है.

केजरीवाल ने कहा, ”(आप नेता) संजय सिंह की क्या गलती थी, उनकी गलती यही थी कि उन्होंने संसद में प्रधानमंत्री के खिलाफ आवाज उठाई.” उन्होंने कहा कि लोगों ने ‘आप’ को इतना प्यार दिया है कि आज दो राज्यों दिल्ली और पंजाब में पार्टी की सरकार है.
केजरीवाल ने कहा, ”हम भाजपा और कांग्रेस के बाद देश के तीसरे सबसे बड़े दल हैं. जिस गति से ‘आप’ बढ़ रही है उससे मोदी जी भयभीत हैं. मोदी जी, केजरीवाल से भयभीत नहीं हैं, वह आपकी ताकत, जनता की ताकत से भयभीत हैं.”

किसी का नाम लिये बिना केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में एक पार्टी जाट की और दूसरी गैर-जाट की बात करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद इन समुदायों के लिए कोई अच्छा काम नहीं करती. उन्होंने कहा कि यह ‘आप’ है जो सभी समुदायों को साथ चलती है और स्कूल एवं अस्पताल बनाने की बात करती है. अगर ‘आप’ हरियाणा की सत्ता में आती है तो पंजाब एवं दिल्ली की तरह विकास सुनिश्चित करेगी और लोगों को मुफ्त बिजली देगी. केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में हवा का रुख पूरी तरह से बदल गया है और 2024 के विधानसभा चुनाव में ‘आप’ सत्ता में आएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu