मोदी की ”मज़बूत” सरकार ने ”मज़बूर” संप्रग की जगह ले ली: नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 May 2024 09:18 PM
मोदी की ”मज़बूत” सरकार ने ”मज़बूर” संप्रग की जगह ले ली: नड्डा
ऑडियो सुनें

जहानाबाद/आरा/नालंदा. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को ”मजबूत” सरकार प्रदान की है जो पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने में सक्षम है. नड्डा ने बिहार के जहानाबाद संसदीय क्षेत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, आरा में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री आर के सिंह और नालंदा में राजग प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार के पक्ष में अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित किया.

उन्होंने आरोप लगाया, ”2014 में सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार मजबूर, कामज.ोर और अपंग थी.” नड्डा ने दावा किया कि कश्मीर के अलगाववादियों को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में बुलाकर स्वागत करने वाली और समझौता करने वाली ही सरकार ‘मजबूर और कमजोर सरकार’ है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार “मजबूत” है, जिसने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”जब मोदी ने सत्ता संभाली तब उरी और पुलवामा (हमला) हुआ, तो हमारे सैनिकों ने र्सिजकल स्ट्राइक और बालाकोट हवाई हमले करने के लिए पाकिस्तान की सीमाओं में प्रवेश किया और आतंकवादियों को उनके घरों में घुसकर मारा.” नड्डा ने अनुच्छेद 370 को खत्म करने के लिए भी सरकार की प्रशंसा की और दावा किया कि इससे ”जम्मू-कश्मीर के उन लोगों को मुक्ति मिली, जिन्हें मुट्ठी भर राजनीतिक परिवारों ने वर्षों से बंधक बना रखा था.

उन्होंने कहा, ”कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान हो रहा है, सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं. ये संभव इसलिए हुआ है क्योंकि मोदी जी ने कश्मीर को मुख्य धारा में ला दिया है. आज कश्मीर उन्मुक्त होकर इस प्रजातंत्र के त्योहार में भागीदारी ले रहा.” जहानाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ”यहां पर 15 साल तक राजद (आरजेडी) की सरकार रही. उस सरकार में ”आर” का मतलब राष्ट्र विरोधी, रिश्वतखोरी, ”जे” का मतलब जंगलराज और ”डी” का मतलब दलदल है. यह राष्ट्र विरोधी, रिश्वतखोरी, जंगलराज, और दलदल पार्टी है.” उन्होंने कहा, ”राजद लालटेन युग में ले जाना चाहती है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एलईडी युग में ले आए. देश को प्रगति की ओर ले जा रहे हैं और ये लालटेन युग की ओर ले जाने वाले और जंगलराज के लोग हैं.”

नड्डा ने कहा, ”जहानाबाद में 2005 से पहले तीन बजे के बाद ना कोई आता था और ना कोई जाता था. किसान पलायन कर रहे थे. हत्याएं व अपहरण हो रहे थे. फिरौती मांगी जा रही थी.” उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर राजद प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ”आज लालू, राहुल गांधी को मटन बनाना सिखा रहे हैं. इन स्वार्थी पार्टियों का कोई धर्म नहीं है. पूरा ‘घमंडिया’ (इंडिया) गठबंधन सिर्फ अपने परिवार और एक-दूसरे के भ्रष्टाचार को बचाने में लगे हुए हैं.” आरा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ” आरा में चार बजे के बाद लोग घरों से निकलते नहीं थे, याद है. और याद है खेत पर झंडा गाढ़ दिया जाता था और जमीन गई आपकी. यह होता था या नहीं? कत्ल होते थे या नहीं . गुंडाराज, जंगलराज था या नहीं?” नड्डा ने लालू प्रसाद पर सिर्फ अपने परिवार के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राजद भाकपा माले को पोस रही और वही अंधेरे दिन लाना चाहती है .

नड्डा ने विपक्षी दलों पर दलितों-पिछडों के आरक्षण को मुसलमानों को देने की साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा, “हम मुस्लिम विरोधी नहीं है, वे हमारे भाई हैं लेकिन संविधान में लिखा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं मिलेगा, सामाजिक आधार पर आरक्षण मिलेगा.” उन्होंने कहा, “हम एक भी दलित, आदिवासी भाई और पिछड़ा-अतिपिछडा वर्ग का आरक्षण नहीं लेने देंगे और यह आरक्षण उनका रहेगा. उसपर डाका नहीं डालने देंगे .” भाजपा नेता ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर राम विरोधी, सनातन विरोधी तथा राष्ट्र विरोधी होने का भी आरोप लगाया.

नड्डा ने द्रमुक नेता उदय निधि और ए. राजा के सनातन धर्म के खिलाफ दिए गए बयानों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी एवं प्रियंका गांधी वाद्रा की कथित चुप्पी पर सवाल उठाए और उन्हें “सनातन के विरोधी” बताया. नड्डा के मुताबिक, मोदी ने कभी नहीं कहा कि किसी योजना के तहत मुसलमानों को इतने घर मिले, इतने मुसलमानों को अनाज मिल रहा है,” क्योंकि मोदी जी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्यार में विश्वास करते हैं.” उन्होंने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत सक्षम, समृद्ध, ताकत से चलने वाला देश है और 2047 से पहले विकसित भारत का संकल्प पूरा करेगा .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu