चेन्नई की आवासीय इमारत से बचाई गई बच्ची की मां ने की आत्महत्या

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 21 May 2024 12:50 PM
चेन्नई की आवासीय इमारत से बचाई गई बच्ची की मां ने की आत्महत्या
ऑडियो सुनें

कोयंबटूर: चेन्नई में एक अपार्टमेंट के छज्जे के ‘शेड’ से हाल में नाटकीय ढंग से बचाई गई बच्ची की 33 वर्षीय मां ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली क्योंकि वह इस घटना के बाद हो रही अपनी आलोचनाओं से ‘‘बहुत परेशान’’ थी।

पुलिस ने बताया कि महिला ने करामदाई में अपने माता-पिता के घर पर यह कदम उठाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा, ‘‘चेन्नई के थिरुमुल्लईवोयल में वह अपने पति के साथ रह रही थीं। उनकी बच्ची गलती से उनके हाथ से छूटकर अपार्टमेंट के छज्जे के ‘शेड’ पर गिर गई थी और इस घटना के बाद से वह बहुत परेशान थीं।’’

महिला 18 मई को अपने माता-पिता के घर बेहोश पड़ी मिली। उसके माता-पिता उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। हाल में अपार्टमेंट के निवासियों द्वारा आठ महीने की इस बच्ची को नाटकीय ढंग से बचाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

लोगों का एक समूह बच्ची के गिरने पर उसे सुरक्षित पकड़ने की आस में छज्जे के नीचे कपड़ा पकड़े खड़ा था। दो लोगों ने छज्जे के नीचे एक कमरे की खिड़की से निकलकर बच्ची को पकड़ लिया और उसे बचा लिया। इस घटना के बाद महिला की कथित लापरवाही के लिए सोशल मीडिया पर उसकी काफी आलोचना हुई थी।
पुलिस ने बताया कि 28 अप्रैल की इस घटना के बाद महिला यहां अपने माता-पिता के घर आ गई थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav