‘मुजीब – द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ एक ‘अद्भुत ऐतिहासिक कृति’ : शेख हसीना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 16 Oct 2023 08:24 PM
‘मुजीब – द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ एक ‘अद्भुत ऐतिहासिक कृति’ : शेख हसीना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के जीवन पर बनी फिल्म ‘मुजीब – द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ को एक ‘अद्भुत ऐतिहासिक कृति’ बताते हुए इसके निर्देशक श्याम बेनेगल और उनकी टीम की सराहना की है.
यह फिल्म बांग्लादेश के पहले राष्ट्रपति शेख मुजीबुर रहमान के जीवन की कहानी है, जिन्हें प्यार से ‘बंगबंधु’नाम से जाना जाता था.
शेख मुजीबुर रहमान की बेटी और देश की प्रधानमंत्री हसीना ने हाल ही में यह फिल्म देखी और कहा कि वह फिल्म के निर्माणसे जुड़े कलाकारों के प्रयासों से बेहद कृतज्ञ महसूस कर रही हैं.

राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा सोमवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पेज पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, ” इस फिल्म को बनाने के लिए मैं आपको बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं. विशेषकर श्री श्याम बेनेगल और उनकी टीम तथा सभी कलाकारों को. सभी ने बहुत मेहनत की. मैं वास्तव में फिल्म से प्रभावित हूं. दरअसल, मेरे पास आप सभी का आभार व्यक्त करने के लिए ज्यादा शब्द नहीं हैं… यह फिल्म एक अद्भुत ऐतिहासिक कृति है.”

‘मुजीब – द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ फिल्म का निर्माण बांग्लादेश फिल्म विकास निगम (बीएफडीसी) और भारत के एनएफडीसी द्वारा किया गया है. यह फिल्म बांग्लादेश सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बीच ऑडियो- विजुअल सह-निर्माण समझौते के तहत बनाई गई है.

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री ने फिल्म को समर्थन देने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार का आभार भी जताया.
शेख हसीना ने कहा, ” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार को मेरा धन्यवाद. बांग्लादेश सरकार.” ‘मुजीब – द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ में मुख्य भूमिका में आरिफिन शुवू हैं. इसके अलावा नुसरत इमरोज तिशा, नुसरत फारिया, चंचल चौधरी, रियाज अहमद, फजलुर रहमान बाबू और तौकीर अहमद जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. इसके अलावा फिल्म में सियाम अहमद ने एक विशेष किरदार निभाया है.

‘मुजीब – द मेकिंग ऑफ ए नेशन’ 27 अक्टूबर को दुनियाभर में हिंदी और बांग्ला में रिलीज होगी. फिल्म को पिछले महीने 48वें टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) में प्रर्दिशत किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu