नोटिस के बाद मंगलुरु में कक्षा में बिना हिजाब के आई मुस्लिम छात्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jun 2022 07:11 PM
नोटिस के बाद मंगलुरु में कक्षा में बिना हिजाब के आई मुस्लिम छात्रा
ऑडियो सुनें

मंगलुरु. ड्रेस कोड का उल्लंघन करने पर नोटिस मिलने के बाद मंगलुरु के विश्वविद्यालय कॉलेज में एक मुस्लिम छात्रा बिना हिजाब पहने कक्षा में शामिल हुई. कॉलेज प्रधानाचार्य अनसूया राय ने कहा कि हिजाब के खिलाफ आदेश का उल्लंघन करने के लिए तीन छात्राओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. उन्होंने कहा कि दो लड़कियों ने स्पष्टीकरण दिया था जबकि तीसरी छात्रा ने अभी तक नोटिस का जवाब नहीं दिया है. प्रधानाचार्य ने बताया कि नोटिस का जवाब देने वाली एक छात्रा शनिवार को कक्षा में शामिल हुई.

कक्षा में विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर टांगने वाले कुछ छात्रों को लेकर 10 जून को छात्रों के दो समूहों के बीच झड़प के बारे में पूछे जाने पर, राय ने कहा कि कॉलेज के अधिकारियों ने घटना से संबंधित कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है. इस बीच, पुलिस ने दोनों छात्र समूहों की शिकायत के आधार पर झड़प के मामले में कॉलेज के छह छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने 15 मार्च को मुस्लिम छात्राओं के एक समूह द्वारा दायर उन याचिकाओं को खारिज कर दिया था, जिनमें कक्षा के अंदर हिजाब पहनने की अनुमति मांगी गई थी. अदालत की तीन-न्यायाधीशों की पीठ ने कहा था कि स्कूल की ड्रेस के निर्धारण पर छात्र आपत्ति नहीं कर सकते.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu