“मेरी मौत नियत कर दी गयी थी”: ट्रंप ने हत्या के प्रयास पर कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jul 2024 08:12 PM
“मेरी मौत नियत कर दी गयी थी”: ट्रंप ने हत्या के प्रयास पर कहा
ऑडियो सुनें

मिलवॉकी. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली में उन पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी ”मौत नियत कर दी गयी थी” तथा उन्होंने इस घटना को एक “विचित्र अनुभव” बताया. घटना के बाद अपने पहले साक्षात्कार में 78 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति ने रूढि.वादी अमेरिकी मीडिया को बताया कि उन्हें लगता है कि वे “भाग्य या भगवान” की कृपा से बच गये.

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार से शुरू हो रहे ‘रिपब्लिकन राष्ट्रीय सम्मेलन’ के लिए मिलवॉकी जाते समय ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ से बात करते हुए कहा, “मेरे बारे में यह माना जा रहा था कि मैं यहां नहीं रहूंगा, मेरी मौत नियत कर दी गयी थी.” सम्मेलन में उन्हें पांच नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामित किया जाएगा. उन्होंने कहा, “सबसे अविश्वसनीय बात यह थी कि मैंने न केवल अपना सिर घुमाया, बल्कि सही समय पर और सही मात्रा में घुमाया.” उन्होंने यह भी कहा कि जो गोली उनके कान को छूती हुई निकली, उससे उनकी आसानी से मौत हो सकती थी.

ट्रंप ने कहा, “मेरी मौत नियत कर दी गयी थी, मेरे बारे में माना जा रहा था कि मैं यहां नहीं रहूंगा.” उन्होंने इस पूरी घटना को एक ” विचित्र अनुभव” बताया. इस हमले में एक दर्शक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. उन पर हमला करने वाले 20 वर्षीय बंदूकधारी की भी मार गिराया गया, जिसका नाम थॉमस मैथ्यू क्रुक्स था. ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ के अनुसार, ट्रंप ने अपने दाहिने कान पर सफेद पट्टी बांध रखी थी, लेकिन उनके सहयोगियों ने कोई तस्वीर लेने की अनुमति नहीं दी.

ट्रंप ने कहा, “अस्पताल के डॉक्टर ने कहा कि उन्होंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा, उन्होंने इसे चमत्कार बताया.” उन्होंने कहा, “भाग्य से या भगवान की कृपा से.. कई लोग कह रहे हैं कि भगवान की कृपा से मैं अभी भी यहां (जीवित मौजूद) हूं.” ट्रंप ने अपनी तस्वीर की तरफ इशारा करते हुए कहा, ”लड़ो”. इस तस्वीर में वह मुट्ठी बांधे हुए दिख रहे हैं और उनके चेहरे पर खून की बूंदें दिख रही हैं. ट्रंप ने कहा, “बहुत से लोग कहते हैं कि उन्होंने ऐसी प्रभावशाली तस्वीर पहले कभी नहीं देखी.”

उन्होंने कहा, “वे सही हैं और मैं नहीं मरा. आम तौर पर, एक ऐसी तस्वीर हासिल करने के लिए लोग तरसते हैं.” ट्रंप ने अखबार को बताया कि गोलीबारी के बाद भी वह बोलना जारी रखना चाहते थे लेकिन सीक्रेट र्सिवस ने उन पर अस्पताल जाने का दबाव डाला. उन्होंने कहा, “मैं बस बोलना जारी रखना चाहता था, लेकिन मुझे गोली मार दी गई.” अखबार के अनुसार, ट्रंप ने यह भी कहा कि वह राष्ट्रपति जो बाइडन से प्राप्त फोनकॉल की सराहना करते हैं, जो चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी भी हो सकते हैं. उन्होंने इसे “ठीक” और “बहुत अच्छा” कहा. अखबार ने बताया कि ट्रंप ने सुझाव दिया कि उनके और डेमोक्रेट बाइडन के बीच अभियान अब से अधिक शिष्टतापूर्ण हो सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu