दुर्घटनाग्रस्त सैनिकों को वापस लेने आया म्यांमा का विमान मिजोरम हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त, आठ लोग घायल

आइजोल. म्यांमा का एक छोटा सैन्य विमान मंगलवार को यहां लेंगपुई हवाई अड्डे के रनवे पर टेबलटॉप से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 14 यात्री बाल-बाल बच गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि विमान में पायलट सहित 14 लोग सवार थे, जिनमें से आठ लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं और उनका उपचार एक स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि यह छोटा विमान म्यांमा के उन 92 सैनिकों को वापस ले जाने के लिए यहां आया था, जो एक जातीय विद्रोही समूह के साथ मुठभेड़ के बाद सीमा पार कर पिछले सप्ताह भारत आ गए थे. अधिकारियों के अनुसार, सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर म्यांमा वायुसेना का वाई-8 कार्गो विमान उतरते समय मिजोरम सरकार द्वारा संचालित हवाई अड्डे के टेबलटॉप रनवे से आगे निकल गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घायलों को उपचार के लिए लेंगपुई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि रनवे को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया और सभी उड़ानों को आज के लिए रद्द कर दिया गया. अधिकारी ने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

उन्होंने कहा, ”सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया. उम्मीद है कि यहां आने-जाने वाले यात्रियों, विशेष रूप से चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति वाले लोगों के लिए विमान सेवा जल्द से जल्द शुरू होगी.” अधिकारियों के मुताबिक, पिछले हफ्ते म्यांमा के कुल 276 सैनिक मिजोरम में घुस आए थे, जिनमें से 184 को सोमवार को वापस भेज दिया गया और शेष 92 सैनिकों को मंगलवार को वापस भेजा जाना था. उन्होंने कहा कि विमान सैनिकों को म्यांमा के रखाइन प्रांत के सितवे ले जाने वाला था. मिजोरम और म्यांमा के बीच 510 किलोमीटर लंबी सीमा है.

Related Articles

Back to top button