25 लाख की इनामी नक्सली करुणा और 15 लाख का इनामी पिंटू राणा गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 23 Jul 2022 12:49 PM
ऑडियो सुनें

रांची में 25 लाख की इनामी करुणा और 15 लाख के इनामी नक्सली पिंटू राणा एके 47 और इंसास रायफल के साथ शुक्रवार को गिरफ्तार हुए हैं। दोनों हार्डकोर नक्सली की गिरफ्तारी बिहार- झारखंड की सीमा पर स्थित जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के गिद्धेश्वर जंगल से हुई है। नक्सली के पास से भारी मात्रा में हथियार, जिसमें इंसास रायफल, एके-47 और विस्फोटक बरामद किया गया है। इस मामले की पुष्टि जमुई एसपी शौर्य सुमन ने की है।

पिंटू राणा उर्फ राजेश राणा उर्फ मोचिन मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र स्थित आनन्दपुर गांव का रहने वाला है। पिंटू राणा भाकपा माओवादी संगठन में रीजनल कमिटी मेंबर है। झारखंड सरकार ने उसके ऊपर 15 लाख का इनाम घोषित कर रखा है। इसके अलावा पिंटू राणा के ऊपर बिहार में एक लाख का इनाम घोषित है। पूर्वी बिहार पूर्वोत्तर झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी के जोनल नक्सली कमांडर पिंटू राणा पर जमुई जिले के अलावा झारखंड के गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, दुमका, नवादा, कौवाकोल सहित कई थानों में मामले दर्ज हैं।

पिंटू राणा पर बिहार और झारखंड में 72 मामले जबकि करुणा पर 33 मामले दर्ज हैं। बीते दिनों खैरा थाना क्षेत्र में एक पुलिस मुठभेड़ में सुरक्षा कर्मियों ने पिंटू राणा दस्ते के सक्रिय हार्डकोर नक्सली मतलू तुरी को मार गिराया था। इसके बाद से नक्सल संगठन पूरी तरह से बैकफुट पर आ गया था। मतलु तूरी के मारे जाने के बाद शीर्ष नेतृत्व एवं अन्य हथियारबंद दस्ता दहशत में था। सभी गिद्धेश्वर पहाड़ी क्षेत्र से भागने की फिराक में थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav